अफगानिस्तान ने रविवार को शारजाह में खेले गए तीसरे और आखिरी मुकाबले में जिम्बाब्वे को 7 विकेट से हराकर 3 मैचों की T20I सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप कर लिया।
शारजाह: अफगानिस्तान ने रविवार को शारजाह में खेले गए तीसरे और आखिरी मुकाबले में जिम्बाब्वे को 7 विकेट से हराकर 3 मैचों की T20I सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप कर लिया। स्पिनर नूर अहमद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए जिम्बाब्वे के मध्यक्रम और निचले क्रम को पूरी तरह बिखेर दिया। उनकी गेंदबाजी के सामने जिम्बाब्वे की टीम 15 ओवर से पहले ही 79 रन पर ऑलआउट हो गई।
शुरुआत में ही लड़खड़ाई जिम्बाब्वे की पारी
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की टीम ने शुरुआत से ही दबाव बना दिया। फजलहक फारूकी और अजमतुल्लाह उमरजई ने लगातार ओवरों में जिम्बाब्वे के सलामी बल्लेबाज इनोसेंट काया और ब्रायन बेनेट को आउट कर दिया। इसके बाद अब्दुल्ला तराखाइल ने जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा को पवेलियन भेज दिया। इससे टीम चौथे ओवर में ही 13 रन पर 3 विकेट गंवा चुकी थी।
नूर अहमद की फिरकी में फंसे बल्लेबाज
रयान बर्ल ने 30 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेलकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन अब्दुल्ला अहमदजई ने उन्हें LBW आउट कर दिया। इसके बाद नूर अहमद ने गेंदबाजी की कमान संभाली और जिम्बाब्वे के मध्यक्रम व निचले क्रम के बल्लेबाजों को टिकने नहीं दिया। पूरी टीम 79 रन पर सिमट गई।
इब्राहिम और उमरजई ने दिलाई आसान जीत
80 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की टीम ने आक्रामक शुरुआत की। मोहम्मद अकरम ने सिर्फ 5 गेंदों पर 14 रन बनाए, लेकिन वह ब्लेसिंग मुजरबानी का शिकार हो गए। सेदिकुल्लाह अटल ने भी तेजी से रन बनाए। उन्होंने 14 गेंदों पर 20 रन की पारी खेली, लेकिन अर्नेस्ट मसुकु ने उन्हें आउट कर दिया। मसुकु ने इसके बाद नूर उल रहमान का विकेट भी हासिल किया। हालांकि, इब्राहिम जदरान ने नाबाद 25 और अजमतुल्लाह उमरजई ने नाबाद 18 रन बनाकर टीम को जीत दिला दी। अफगानिस्तान ने 7 विकेट शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।
पहले दो मैचों में भी अफगानिस्तान का रहा दबदबा
अफगानिस्तान ने शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर सीरीज में पहले ही 2-0 की अजेय बढ़त बना ली थी। दूसरे T20I में अजमतुल्लाह उमरजई ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 50 गेंदों पर 116 रन बनाए थे। उनकी पारी की बदौलत अफगानिस्तान ने जिम्बाब्वे को 19 रन से हराया था। हालांकि, सिकंदर रजा ने भी 56 गेंदों पर 106 रन की शानदार पारी खेली थी, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। वहीं, पहले मुकाबले में राशिद खान ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान को 37 रन से जीत दिलाई थी।
5 नवंबर से शुरू होगी टेस्ट सीरीज
T20I सीरीज खत्म होने के बाद अब दोनों टीमें टेस्ट क्रिकेट पर ध्यान देंगी। अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज 5 नवंबर से शुरू होगी।
(ANI)
ये भी पढ़ें: बलिया में भ्रष्टाचार पर बड़ी कार्रवाई, अवैध वसूली के आरोप में SI और हेड कांस्टेबल निलंबित