प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

ऐतिहासिक डबल-पोडियम फिनिश

एशियाई पैरा गेम्स 2026: मोना अग्रवाल ने जीता गोल्ड, अवनि लेखरा को मिला सिल्वर

एशियाई पैरा खेलों में मोना अग्रवाल ने स्वर्ण और अवनि लेखरा ने रजत पदक जीतकर भारत का खाता खोला। मोना ने नया रिकॉर्ड भी बनाया।

एशियाई पैरा गेम्स 2026 मोना अग्रवाल ने जीता गोल्ड अवनि लेखरा को मिला सिल्वर

Mona Agarwal (left) and Avani Lekhara (right) |

आइची-नागोया (जापान)। जापान के आइची-नागोया में चल रहे 2026 एशियाई पैरा खेलों के पहले ही दिन भारत के पैरा निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए डबल-पोडियम फिनिश हासिल किया है। महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में मोना अग्रवाल ने स्वर्ण और अवनि लेखरा ने रजत पदक पर कब्जा जमाया है।

मोना ने तोड़ा रिकॉर्ड

मोना अग्रवाल ने सातवीं सीरीज के बाद 250 का शानदार स्कोर बनाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया और एशियाई पैरा खेलों का नया रिकॉर्ड स्थापित किया। उन्होंने 2023 के हांगझोऊ खेलों में अवनि लेखरा द्वारा बनाए गए 249.6 के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। वहीं, अवनि लेखरा ने 249.6 के स्कोर के साथ रजत पदक हासिल किया। क्वालिफिकेशन राउंड में भी मोना ने 629.1 का रिकॉर्ड स्कोर बनाकर शीर्ष स्थान प्राप्त किया था, जबकि अवनि 626.4 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं।

पुरुषों की स्पर्धा में हाथ लगी निराशा

एक तरफ जहां महिला निशानेबाजों ने देश का मान बढ़ाया, वहीं पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 स्पर्धा में भारतीय खिलाड़ियों को पदक से महरूम रहना पड़ा। महावीर स्वरूप उन्हाल्कर 205.9 के स्कोर के साथ चौथे स्थान पर रहे, जबकि डेब्यू करने वाले राकेश निदागुंडी 141.5 अंकों के साथ सातवें स्थान पर रहे। क्वालिफिकेशन राउंड में निदागुंडी और उन्हाल्कर ने फाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन फाइनल मुकाबले में वे पोडियम तक नहीं पहुंच सके।
​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: मोना अग्रवाल ने 629.1 अंक के साथ बनाया नया एशियाई क्वालीफाइंग रिकॉर्ड

Related to this topic: