एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के हेड कोच VVS लक्ष्मण होंगे। भारत गोल्ड मेडल डिफेंड करने उतरेगा, जबकि महिला टीम भी खिताब बचाएगी। पढ़ें पूरी खबर।
नई दिल्ली। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के गोल्ड मेडल को डिफेंड करने की पूरी तैयारी हो चुकी है। जापान के ऐइची-नागोया में इस महीने के अंत में होने वाले एशियाई खेलों में वीवीएस लक्ष्मण एक बार फिर भारतीय पुरुष टीम के हेड कोच की भूमिका निभाएंगे। BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) के डायरेक्टर वीवीएस लक्ष्मण के कंधे पर एक बार फिर टीम को पोडियम के टॉप पर पहुंचाने की जिम्मेदारी होगी। उनके साथ कोचिंग स्टाफ में सुनील जोशी, हृषिकेश कानिटकर और सुभादीप घोष को भी शामिल किया गया है। इसकी पुष्टि खेल मंत्रालय द्वारा जारी कोचों की सूची से हुई है।
गौतम गंभीर रहेंगे व्यस्त, लक्ष्मण के कंधों पर जिम्मेदारी
बता दें कि वीवीएस लक्ष्मण इससे पहले हांगकांग, चीन में हुए 2023 के एशियन गेम्स में भी भारतीय पुरुष टीम को कोचिंग दे चुके हैं। यहां टीम इंडिया ने ऐतिहासिक स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। दूसरी ओर, टीम इंडिया के नियमित हेड कोच गौतम गंभीर इस दौरान सीनियर टीम के साथ वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज की तैयारियों में व्यस्त रहेंगे। भारत और वेस्टइंडीज के बीच इस सीरीज का पहला वनडे मुकाबला आगामी 27 सितंबर को खेला जाना तय है। एशियन गेम्स में क्रिकेट मुकाबलों की शुरुआत 24 सितंबर से ही हो जाएगी, लेकिन भारतीय पुरुष टीम अपना ओपनिंग मैच इसके चार दिन बाद यानी 28 सितंबर को खेलेगी।
अमोल मजूमदार करेंगे महिला टीम की अगुवाई
महिला वर्ग की बात करें तो अमोल मजूमदार भारतीय महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच बने रहेंगे। उनके साथ कोचिंग स्टाफ में बॉलिंग कोच आविष्कर साल्वी और फील्डिंग कोच मुनीश बाली अपनी सेवाएं देते नजर आएंगे। टूर्नामेंट के फॉर्मेट के तहत, भारतीय महिला टीम सीधे क्वार्टरफाइनल मुकाबले से अपने अभियान का आगाज करेगी। यहां उसका सामना जापान से होगा। वहीं, पुरुष टीम अपने अभियान की शुरुआत ग्रुप ए की दूसरे नंबर की टीम के खिलाफ करेगी। इसमें अफगानिस्तान, जापान और नेपाल की टीमें शामिल हैं।
युवा वैभव सूर्यवंशी को भी मिला स्क्वाड में मौका
इस महामुकाबले में भारतीय पुरुष टीम कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई में अपनी T20 एशियन गेम्स की बादशाहत बचाने उतरेगी। खास बात यह है कि इस स्क्वाड में युवा बैटिंग सनसनी वैभव सूर्यवंशी को भी जगह मिली है। इसके अलावा, भारतीय महिला टीम भी कप्तान हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व में अपने खिताब को डिफेंड करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय क्रिकेट टीमें
भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, प्रतिका रावल, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, गुपालन कमलिनी, भारती फुलमाली, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल, राधा यादव, नंदानी शर्मा।
(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: एशियाई खेल 2026 के लिए बांग्लादेश की 15 सदस्यीय टीम घोषित, लिटन दास संभालेंगे कप्तानी