मौजूदा विश्व चैंपियन भारत टी-20 विश्वकप सुपर-8 में आज अपने खिताब की रक्षा के अभियान की शुरूआत दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ करेगा।
अहमदाबाद। मौजूदा विश्व चैंपियन भारत टी-20 विश्वकप सुपर-8 में आज अपने खिताब की रक्षा के अभियान की शुरूआत दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ करेगा। खिताब की प्रबल दावेदार भारतीय टीम ग्रुप चरण के चारों मैच जीतकर भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में हो रहे टूर्नामेंट के सुपर-8 में पहुंची है। लेकिन ग्रुप स्टेज में आसान टीमों (यूएसए, नामीबिया और नीदरलैंड) के बाद भारत के लिए सुपर-8 का पहला मैच सबसे कठिन चुनौती माना जा रहा है। दूसरी तरफ सुपर-8 के उसके ग्रुप-1 में शामिल दक्षिण अफ्रीका, जिंबाब्वे और वेस्टइंडीज भी अपने-अपने ग्रुप में शीर्ष पर रहकर अपराजित रही हैं।
गर्मी और धुंध के बीच पूरे खेल की उम्मीद
भारतीय टीम "टी-20 विश्वकप" में 2024 की उपविजेता दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 में पहला मुकाबला खेलने उतरेगी। यह मैच अहमदाबाद में शाम 7:00 बजे से शुरू होगा। अहमदाबाद के मौसम पूर्वानुमान (Accuweather) के अनुसार, आज का दिन काफी गर्म और धुंध भरा रहने वाला है। सुबह का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जो दोपहर तक बढ़कर 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है। राहत की बात यह है कि शाम को मैच शुरू होने के समय तक तापमान गिरकर 26 डिग्री सेल्सियस के करीब आ जाएगा। आसमान बिल्कुल साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिसका अर्थ है कि फैंस को बिना किसी बाधा के पूरे 40 ओवर्स का खेल देखने को मिलेगा।
अभिषेक शर्मा की खराब फॉर्म और तिलक वर्मा पर बढ़ता दबाव
भारतीय टीम इस समय अच्छे फॉर्म में है। लेकिन ओपनर अभिषेक शर्मा की फॉर्म टीम की चिंता का सबब बना हुआ है। पहला टी-20 विश्वकप खेल रहे अभिषेक शर्मा तीन मैचों में शून्य पर आउट हुए हैं। अभिषेक शर्मा के तीन मैचों में जीरो पर आउट होने के बावजूद उनके टैलेंट को सभी जानते हैं। आज के मैच में अभिषेक का बल्ला चल गया तो परिणाम क्या होगा, सभी जानते हैं। इसके अलावा तीसरे नंबर पर तिलक वर्मा जल्द विकेट गिरने पर बड़ी पारी नहीं खेल पा रहे हैं।
फॉर्म में हैं ईशान किशन और हार्दिक पांड्या
अच्छी बात यह है कि ईशान किशन और हार्दिक पांड्या ने पिछले मैचों मे अच्छी पालियां खेली हैं। इसके अलावा मेजबान टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा भी बड़ी पारी खेल चुके हैं। भारतीय टीम का खराब क्षेत्ररक्षण जरूर चिंता का विषय बना हुआ है। बीते चार मैचों में भारत ने नौ कैच छोड़े हैं, जिनमें अकेले पाकिस्तान के खिलाफ चार कैच छोड़े थे। इसे देखते हुए इस क्षेत्र में टीम को अपना प्रदर्शन सुधारना होगा।
कुलदीप और अक्षर की वापसी के हैं संकेत
भारतीय टीम में अर्शदीप सिंह की जगह कुलदीप यादव और वाशिंगटन सुंदर की जगह अक्षर पटेल को वापस अंतिम एकादश में शामिल किया जा सकता है। वहीं, दक्षिण अफ्रीका में जेंसेन, नगीदी और महाराज वापसी करेंगे, जिन्हें यूएई के खिलाफ मैच में आराम दिया गया था।
रबाडा और मार्करम की गेंदबाजी से मिलेगी कड़ी चुनौती
टीम संतुलन के हिसाब से देखा जाए तो भारत और दक्षिण अफ्रीका का पलड़ा लगभग समान है। दक्षिण अफ्रीका की टीम के पास कैगिसो रबादा, लुंगी नगीदी, माकों जेंसेन, केशव महाराज और कप्तान एडिन मार्करम के रूप में मजबूत गेंदबाजी आक्रमण है, जो मौजूदा चैंपियन भारत की कड़ी परीक्षा लेने के लिए तैयार है।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फिर दिख सकता है रनों का अंबार
दोनों टीमें बीते दो महीनों में छठी बार एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगी। नरेंद्र मोदी स्टेडियम के इसी मैदान पर बीते साल 19 दिसंबर को जब दोनों टीमों की अंतिम भिड़ंत हुई थी, तब भारत ने 231 रन बनाकर दक्षिण अफ्रीका (201 रन) को 30 रन से हराया था। दोनों टीमों की ओर से 200 से ज्यादा का स्कोर बनना इस बात का संकेत है कि सुपर-8 में कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी।
भारतीय स्पिनरों का होगा इम्तिहान
मेहमान टीम की बल्लेबाजी को क्विंटन डिकॉक, एडिन मार्करम, डेवाल्ड ब्रेविस, ट्रिस्टन स्टब्स, रियान रिकल्टन, डेविड मिलर और मार्को जैसेन मजबूती प्रदान करते हैं। शुरुआती तीनों लीग मैच भी दक्षिण अफ्रीका ने इसी मैदान पर जीते थे। दक्षिण अफ्रीका के पास धुरंधर ऑफ स्पिनर नहीं है, जिन्हें खेलने में भारतीय बल्लेबाज जूझ रहे हैं।
टी-20 विश्वकप में कोई टीम नहीं कर सकी है अपने खिताब की रक्षा
टी-20 विश्वकप में कोई टीम अपने खिताब की रक्षा नहीं कर सकी है। 2007 में भारत ने महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में पहला खिताब जीता था। 2009 में भारत ने ग्रुप के सभी मैच जीते, लेकिन सुपर-8 के सभी तीनों मैच हारे थे। उस वक्त भारत को द. अफ्रीका, वेस्टइंडीज और इंग्लैंड ने हराया था। इस बार सुपर-8 के भारत के ग्रुप में द. अफ्रीका और वेस्टइंडीज हैं, इंग्लैंड की जगह जिंबाब्वे जुड़ गई है। जिंबाब्वे ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका को हराकर बड़ा उलटफेर कर चुकी है। भारत को खिताब की रक्षा करने के लिए सुपर-4 चरण में बड़ी सावधानी बरतनी होगी।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/sports/zimbabwe-stun-sri-lanka-storm-into-super-eights/144582
जिम्बाब्वे ने श्रीलंका को धूल चटाकर ग्रुप-B में किया टॉप