पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सुपर-8 का पहला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया। भारी बारिश के कारण एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी।
कोलंबो। पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सुपर-8 का पहला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया। कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में शनिवार को खेला जाने वाले मैच में भारी बारिश के कारण एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। आईसीसी के नियमों के तहत सुपर 8 मैचों के लिए कोई रिजर्व डे नहीं रखा गया है, इसलिए मैच को रद्द कर दिया गया और दोनों टीमों को एक-एक अंक दे दिया गया।
सेमीफाइनल की राह हुई अब और मुश्किल
पाकिस्तानी टीम के कप्तान सलमान अली आगा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था, लेकिन इसके बाद मूसलाधार बारिश शुरू हो गई और मैच रद्द कर दिया गया। न्यूजीलैंड के साथ सुपर 8 में अंक बांटने के कारण पाकिस्तान के लिए अब सेमीफाइनल की राह थोड़ी कठिन हो गयी है।
पल्लेकल में 'करो या मरो' की जंग
पाकिस्तान के सुपर - 8 में अभी दो मुकाबले बाकी हैं। पाकिस्तान का अगला मुकाबला 24 फरवरी को पल्लेकल में इंग्लैंड के खिलाफ होना है। इसके बाद पाकिस्तान की टक्कर 28 फरवरी को उसी पल्लेकल स्टेडियम में मेजबान श्रीलंका से होगी। यह ग्रुप 2 का आखिरी मुकाबला होगा। पाकिस्तान के लिए ये दोनो मैच केवल जीतना नहीं, बल्कि बड़े अंतर से जीतना भी जरूरी होगा, क्योंकि अब उसके सेमीफाइनल में प्रवेश के लिए नेट रन रेट की भूमिका अहम हो जाएगी।
ग्रुप 2 के बाकी मुकाबलों के परिणाम तय करेंगे पाकिस्तान की तकदीर
पाकिस्तान की सेमीफाइनल राह सिर्फ उनके अपने मैचों पर नहीं, बल्कि ग्रुप 2 के उन तीन मुकाबलों पर भी निर्भर करेगी जिनमें वह नहीं खेलेगा। पाकिस्तान के सेमीफाइनल की राह अब 22 फरवरी को इंग्लैंड और श्रीलंका का मुकाबला, 25 फरवरी को कोलंबो में न्यूजीलैंड और श्रीलंका का मैच तथा 27 फरवरी को कोलंबो में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड मुकाबले के परिणाम पर निर्भर करेगी।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/sports/india-face-south-africa-in-crucial-super-8-clash/145038
सुपर-8 में आज भारत की अग्निपरीक्षा, दक्षिण अफ्रीका से होगी टक्कर