भारतीय मुक्केबाज साक्षी चौधरी ने मंगलवार को एशियाई खेलों में महिलाओं के 51 किग्रा वर्ग में पेरिस ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता फिलीपींस की ऐरा विलेगास को 5-0 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
निशियो (जापान): भारतीय मुक्केबाज साक्षी चौधरी ने मंगलवार को एशियाई खेलों में महिलाओं के 51 किलोग्राम वर्ग में पेरिस ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता फिलीपींस की ऐरा विलेगास को 5-0 से हराकर बड़ा उलटफेर करते हुए प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया जबकि पुरुष वर्ग में जादुमणि सिंह (55 किलोग्राम) भी आगे बढ़ने में सफल रहे।
साक्षी ने लंबाई और पहुंच का उठाया फायदा
भिवानी की 26 वर्षीय मुक्केबाज साक्षी ने अपनी लंबाई और अच्छी पहुंच का फायदा उठाते हुए शुरुआत से ही विलेगास को दूर रखा और उन्हें हावी नहीं होने दिया। जादुमणि ने भी नेपाल के चंद्र बहादुर थापा पर 5-0 की शानदार जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की और अंतिम 16 में जगह बनाई जहां उनका सामना फिलिपींस के तोक्यो ओलंपिक के रजत पदक विजेता कार्लो पालाम से होगा।
दूसरे राउंड में साक्षी का दबदबा
साक्षी जल्दी ही हावी हो गई। भारतीय मुक्केबाज ने दूसरे राउंड में तेजी दिखाई और मुक्कों की बौछार कर दी। इस दौरान विलेगास उनकी गति और फुर्ती का मुकाबला करने के लिए संघर्ष कर रही थी। फिलिपींस की बाएं हाथ की मुक्केबाज ने इस बीच जवाबी हमले भी किए और कुछ जोरदार हुक लगाए लेकिन यह पर्याप्त नहीं थे क्योंकि सभी पांचों जजों ने साक्षी को हर राउंड में पूरे 10 अंक दिए।
51 किलोग्राम में जारी रखा शानदार प्रदर्शन
साक्षी ने इस तरह से 51 किलोग्राम वर्ग में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। वह मई में 54 किलोग्राम वर्ग से नीचे आई और उन्होंने चयन ट्रायल में दो बार की विश्व चैंपियन और पिछली बार की कांस्य पदक विजेता निकहत ज़रीन को हराया। पूर्व जूनियर और युवा विश्व चैंपियन साक्षी ने पिछले महीने राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता था।
जादुमणि ने थापा पर बनाया दबाव
राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदक विजेता जादुमणि ने थापा के खिलाफ आक्रामक रवैया अपनाया। दोनों मुक्केबाजों ने एक-दूसरे पर मुक्के बरसाए, लेकिन जादुमणि के वार अधिक साफ और सटीक थे। उन्होंने रिंग के चारों ओर अपनी गतिविधियों से खेल को नियंत्रित किया, जिससे थापा को बैकफुट पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
ये भी पढ़ें: टिफिन में मेथी की सब्जी लाने पर ठाणे के स्कूल ने छात्र पर लगाया 50 रुपये का जुर्माना
तीसरे राउंड में रेफरी ने शुरू की गिनती
तीसरे राउंड में जादुमणि ने बाएं हाथ से जोरदार मुक्का जड़ा जिसके बाद रेफरी ने गिनती शुरू कर दी थी।