प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

शेफाली के अर्धशतक से भारत फाइनल में

शेफाली का अर्धशतक, बांग्लादेश को हराकर भारत फाइनल में

शेफाली वर्मा के 64 रन की बदौलत भारत ने बांग्लादेश को 40 रन से हराकर महिला एशिया कप के फाइनल में जगह बनाई।

शेफाली का अर्धशतक बांग्लादेश को हराकर भारत फाइनल में

Shafali Fifty Powers India Into Final |

दुबई। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा (64 रन) के अर्धशतक की बदौलत सात बार की चैंपियन भारतीय टीम ने बृहस्पतिवार को यहां पहले सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 40 रन से हराकर रविवार को होने वाले महिला एशिया कप के फाइनल में प्रवेश किया। भारत अब श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से भिड़ेगा।

शेफाली ने संभाली भारतीय पारी

शेफाली (सात चौके और तीन छक्के) ने अन्य भारतीय बल्लेबाजों के निराशाजनक प्रदर्शन के बावजूद चुनौतीपूर्ण पिच पर मिले जीवनदान का पूरा फायदा उठाते हुए भारतीय टीम को छह विकेट पर 149 रन के स्कोर तक पहुंचाया। शेफाली को 40 गेंद की आक्रामक पारी के दौरान तीन बार जीवनदान मिला।

बांग्लादेश 109 रन तक ही पहुंचा

बांग्लादेश की टीम के लिए इस लक्ष्य का पीछा करना मुश्किल ही लग रहा था और ऐसा ही हुआ। टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 109 रन ही बना सकी। उसके लिए शोर्णा अख्तर नाबाद 22 रन बनाकर शीर्ष स्कोर रहीं। दिलारा अख्तर ने 21 और कप्तान निगार सुल्ताना ने 19 रन बनाए।

दीप्ति शर्मा ने चटकाए तीन विकेट

स्पिन के मुफीद परिस्थितियों में भारत के लिए अनुभवी स्पिनर दीप्ति शर्मा ने चार ओवर में 26 रन देकर तीन विकेट चटकाए जबकि श्री चरणी और प्रेमा रावत को एक-एक विकेट मिला। नंदनी शर्मा ने दो विकेट प्राप्त किए। हालांकि प्रतिका रावल ने पिछले मैच की तरह इसमें भी दो कैच छोड़ दिए।

बांग्लादेशी गेंदबाजों ने भारतीय बल्लेबाजों को रोका

टूर्नामेंट में अब तक प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले बांग्लादेश के गेंदबाजी आक्रमण ने भारतीय बल्लेबाजों को पारी के अधिकांश हिस्से में खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। बांग्लादेश ने कुल चार कैच छोड़े, वर्ना भारत के लिए 120 रन का आंकड़ा पार करना भी मुश्किल होता। आमतौर पर स्पिन गेंदबाजी को बखूबी खेलने वाली भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर (28 गेंद में नाबाद 24 रन) अपनी पारी के अधिकांश समय संघर्ष करती रहीं। उन्होंने अपनी पहली 16 गेंदों पर सिर्फ चार रन बनाए।

तीन बार मिला जीवनदान, फिर भी नहीं रुकी शेफाली

शेफाली ने अकेले दम पर भारत को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। उन्हें छह, 11 और 56 रन के निजी स्कोर पर जीवनदान मिला। शीर्ष चार भारतीय बल्लेबाजों का स्ट्राइक रेट 100 से कम रहा जबकि शेफाली ने 160 के शानदार स्ट्राइक रेट से रन बनाए। उनकी पारी में स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ तीन छक्के भी शामिल थे। इस आक्रामक सलामी बल्लेबाज ने मैदान के चारों ओर शानदार शॉट लगाए। उनकी पारी में तेज गेंदबाज मारूफा अख्तर की गेंद पर फ्रंट-फुट पुल शॉट, रिवर्स स्वीप शॉट और स्पिनरों के खिलाफ सीधे मैदान के ऊपर से लगाए गए जोरदार शॉट शामिल थे।

पावरप्ले के बाद धीमी हुई रन गति

भारत ने पावरप्ले में एक विकेट पर 45 रन बनाकर अच्छी शुरुआत की, लेकिन बीच के ओवरों में रन गति बढ़ाने में नाकाम रहा। भारत की तीसरे नंबर की नयी बल्लेबाज प्रतिका रावल (24 गेंद में 20 रन) टूर्नामेंट में दबाव में रही हैं, लेकिन बृहस्पतिवार को उन्होंने शानदार शुरुआत की। उन्होंने अख्तर की गेंद पर बेहतरीन कवर ड्राइव लगाया। बाद में उन्होंने क्रीज से बाहर निकलकर छक्का लगाया, लेकिन इसी गेंदबाज की गेंद पर आउट हो गईं।

ऋचा और हरमनप्रीत ने जोड़े अहम रन

विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष (16 गेंद में 21 रन) भी शुरुआत में धीमी रहीं, लेकिन उन्होंने महत्वपूर्ण रन जोड़ने में सफलता हासिल की। कप्तान हरमनप्रीत ने पारी के अंत में दो छक्के लगाए। बांग्लादेश के लिए सुल्ताना खातून ने दो जबकि राबिया खान, नाहिदा अख्तर और मारूफा अख्तर ने एक-एक विकेट झटके।

यह भी पढ़: पायलट के बीमार होने से वाराणसी-मुंबई इंडिगो उड़ान में साढ़े तीन घंटे की देरी

Related to this topic: