प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

कजाकिस्तान में दांव पर साख

विश्व कुश्ती चैंपियनशिप: एशियाई खेलों के चैंपियन सुजीत कलकल संभालेंगे भारतीय टीम की कमान, कई धुरंधर बाहर

कजाकिस्तान के अस्ताना में 24 अक्टूबर से शुरू होने वाली विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है। एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता सुजीत कलकल टीम की अगुवाई करेंगे।

विश्व कुश्ती चैंपियनशिप एशियाई खेलों के चैंपियन सुजीत कलकल संभालेंगे भारतीय टीम की कमान कई धुरंधर बाहर

Indian wrestler Sujeet Kalkal |

अस्ताना (कजाकिस्तान)। कजाकिस्तान के अस्ताना में 24 अक्टूबर से 1 नवंबर तक होने वाली विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के लिए भारतीय दल की घोषणा कर दी गई है। एशियाई खेलों के चैंपियन सुजीत कलकल इस 30 सदस्यीय भारतीय टीम की कमान संभालेंगे, जबकि कई बड़े नाम चोट के कारण इस प्रतियोगिता से बाहर हैं।

बड़े दिग्गजों की गैरमौजूदगी

इस विश्व चैंपियनशिप में पुरुषों और महिलाओं की फ्रीस्टाइल स्पर्धा में 10-10 भार वर्ग शामिल होंगे। हालांकि, भारत के लिए यह झटका है कि ओलंपिक पदक विजेता और एशियाई खेलों के चैंपियन अमन सहरावत, दो बार की विश्व कांस्य पदक विजेता अंतिम पंघाल और ओलंपियन दीपक पुनिया इस प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।

अमन और दीपक दोनों ही कंधे व टखने की चोट से उबर रहे हैं, जबकि अंतिम भी इस बार मैट से दूर रहेंगी।

पदक के सबसे बड़े दावेदार हैं सुजीत

पुरुषों की 65 किलोग्राम फ्रीस्टाइल श्रेणी में उतरने वाले सुजीत कलकल से देश को सबसे ज्यादा उम्मीदें हैं। 23 वर्षीय सुजीत ने आइची-नागोया एशियाई खेलों के सेमीफाइनल में मौजूदा ओलंपिक चैंपियन जापान के कोतारो कियोका को मात दी थी। इसके बाद फाइनल में ताजिकिस्तान के अब्दुलमजीद कुदिएव के खिलाफ 9-2 से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए 10-9 से स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।

यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (UWW) रैंकिंग में सुजीत फिलहाल दुनिया के दूसरे नंबर के पहलवान हैं। शीर्ष पर ईरान के मौजूदा विश्व चैंपियन रहमान अमूजाद का कब्जा है, जो अस्ताना में एक बार फिर सुजीत के मुख्य प्रतिद्वंद्वी होंगे।

चुनिंदा एशियाई दिग्गजों पर दारोमदार

अस्ताना जाने वाली इस भारतीय टीम की एक बड़ी खासियत यह है कि एशियाई खेलों में हिस्सा लेने वाले 15 खिलाड़ियों में से केवल पांच ही इस विश्व चैंपियनशिप में शिरकत कर रहे हैं। इनमें सुजीत कलकल के अलावा सागर जगलान, मनीषा भनवाला, सुनील कुमार और नितेश सिवाच शामिल हैं।

नितेश ने 97 किग्रा वर्ग में रजत पदक जीतकर 64 साल बाद ग्रीको-रोमन कुश्ती में भारत को ऐतिहासिक सिल्वर मेडल दिलाया था। वहीं, सुनील कुमार (87 किग्रा) एशियाई खेलों में दो पदक जीतने वाले पहले भारतीय ग्रीको-रोमन पहलवान बने थे।

एलए 2028 ओलंपिक की तैयारी

विशेषज्ञों के मुताबिक, इस विश्व चैंपियनशिप के अंक 2027 की रैंकिंग सीरीज, महाद्वीपीय चैंपियनशिप और विश्व चैंपियनशिप में सीडिंग के लिए बेहद अहम होंगे। ऐसे में अस्ताना का यह दंगल 2028 के लॉस एंजिल्स ओलंपिक चक्र की मजबूत शुरुआत के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।

विश्व कुश्ती चैंपियनशिप 2026 के लिए भारतीय दल:

पुरुष फ्रीस्टाइल: राहुल (57 किग्रा), निखिल (61 किग्रा), सुजीत कलकल (65 किग्रा), विशाल कालीरमन (70 किग्रा), सागर जगलान (74 किग्रा), सौरभ यादव (79 किग्रा), पुष्पेंद्र दलाल (86 किग्रा), सचिन (92 किग्रा), विक्की (97 किग्रा), जसपूरन सिंह (125 किग्रा)।

महिला वर्ग: नीलम (50 किग्रा), निशु (53 किग्रा), अहिल्या एस. शिंदे (55 किग्रा), नेहा शर्मा (57 किग्रा), मनीषा भनवाला (59 किग्रा), नेहा (62 किग्रा), रजनीता (65 किग्रा), सृष्टि (68 किग्रा), तनु शर्मा (72 किग्रा), काजल (76 किग्रा)।

ग्रीको-रोमन: ललित (55 किग्रा), हर्ष (60 किग्रा), साहिल (63 किग्रा), सचिन सहरावत (67 किग्रा), करनजीत सिंह (72 किग्रा), लवप्रीत सिंह (77 किग्रा), प्रिंस (82 किग्रा), सुनील कुमार (87 किग्रा), नितेश सिवाच (97 किग्रा), जोगिंदर राठी (130 किग्रा)।
​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: पीवी सिंधु की रोमांचक जीत, आयुष शेट्टी ने श्रीकांत को हराकर किया उलटफेर

Related to this topic: