पूर्व भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम से बाहर किए जाने को लेकर खुलकर बात की है।
मुंबई (महाराष्ट्र): पूर्व भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम से बाहर किए जाने को लेकर खुलकर बात की है। उन्होंने स्वीकार किया कि घरेलू मैदान पर टी20 विश्व कप जीतने के बाद टीम से बाहर होने पर वह "पूरी तरह से हैरान" थे और उस समय उनके मन में अपने क्रिकेट भविष्य को लेकर कई सवाल चल रहे थे।
40-50 दिन घर पर बैठे रहे सूर्यकुमार
सूर्यकुमार पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा के यूट्यूब चैनल पर बातचीत कर रहे थे। टी20 विश्व कप जीतने के बाद उन्हें ब्रिटेन दौरे के लिए चुनी गई टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में जगह नहीं मिली। इस दौरे में आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले शामिल थे। वहीं, आईपीएल में पंजाब किंग्स के साथ शानदार प्रदर्शन करने वाले श्रेयस अय्यर को नया टी20 अंतरराष्ट्रीय कप्तान नियुक्त किया गया। सूर्यकुमार की कप्तानी में टीम का प्रदर्शन शानदार रहा था, लेकिन उनके बल्लेबाजी फॉर्म में आई गिरावट को टीम से बाहर किए जाने की एक बड़ी वजह माना गया। सूर्यकुमार ने कहा, "मैं 40-50 दिन घर पर बैठा रहा। मैं कुछ नहीं कर रहा था और पूरी तरह से हैरान था। मैं सोच रहा था कि अब क्या करूं? क्या मुझे खेलना चाहिए या नहीं? मेरे दिमाग में बहुत कुछ चल रहा था।" उन्होंने बताया कि इसी दौरान उनकी पत्नी ने उन्हें याद दिलाया कि उन्होंने करीब 20 साल पहले क्रिकेट खेलना क्यों शुरू किया था। उन्होंने कहा कि पत्नी ने उनसे कहा कि वह उस जुनून को दोबारा जगाएं, जिसकी वजह से उन्होंने यह खेल शुरू किया था।
टीम में नाम नहीं देखकर मुस्कुराए
विश्व कप विजेता कप्तान ने कहा कि जब उन्होंने टीम में अपना नाम नहीं देखा तो उन्हें हंसी आ गई। उन्होंने बताया कि क्रिकेट में दबाव वाली परिस्थितियों के दौरान भी वह अक्सर मुस्कुराते रहे हैं। सूर्यकुमार ने कहा, "ऐसे ही मुस्कुराया था मैंने जब भी मेरा नाम नहीं था। मैंने दो साल में जो भी क्रिकेट खेला, जब भी मैं दबाव वाली स्थितियों में था और चीजें मेरे पक्ष में नहीं जा रही थीं, मैं हमेशा मुस्कुराया।"
टी20 अंतरराष्ट्रीय में शानदार रिकॉर्ड
सूर्यकुमार भारत के तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टी20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाज हैं। उन्होंने 113 मैचों में 36.35 के औसत और 162.94 के स्ट्राइक रेट से 3,272 रन बनाए हैं। उनके नाम चार शतक और 25 अर्धशतक हैं, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 117 रन है। हालांकि, 2024 टी20 विश्व कप के बाद उनके बल्ले से प्रदर्शन में गिरावट आई। इस अवधि में उन्होंने 42 पारियों में 25.88 के औसत और 152 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 932 रन बनाए, जिसमें छह अर्धशतक शामिल हैं।
आईपीएल 2026 में भी नहीं चला बल्ला
मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल 2026 में भी सूर्यकुमार का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। उन्होंने 13 पारियों में दो अर्धशतक की मदद से 147 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 270 रन बनाए। सूर्यकुमार ने स्वीकार किया कि उन्हें टीम से बाहर किए जाने की उम्मीद नहीं थी। वह 2028 के लॉस एंजिल्स ओलंपिक और उसी वर्ष ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड में होने वाले टी20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए टीम को आगे ले जाने की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने कहा, "मैंने भी नहीं सोचा था कि ऐसा होगा। मैं इस टीम को अगले दो साल तक आगे ले जाने की तैयारी कर रहा था; फिर ओलंपिक आएंगे, फिर एक और टी20 विश्व कप होगा, आगे और चुनौतियां होंगी। लेकिन साथ ही, आप क्या सोचते हैं और दूसरे क्या सोचते हैं, ये दो अलग-अलग बातें हैं।" उन्होंने आगे कहा कि अगर चयनकर्ताओं को लगा कि आगे बढ़ने के लिए यह बेहतर फैसला है, तो उन्होंने वही फैसला लिया और उन्होंने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी पर नहीं जताई नाराजगी
अपने साथी मुंबईकर श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाए जाने पर सूर्यकुमार ने कहा कि उन्हें कोई अन्याय महसूस नहीं हुआ। हालांकि, उन्होंने स्वीकार किया कि कप्तानी से बाहर रखे जाने पर उन्हें थोड़ी निराशा जरूर हुई। सूर्यकुमार ने कहा कि उन्होंने श्रेयस के साथ काफी क्रिकेट खेला है और वह उन्हें अच्छा खिलाड़ी, अच्छा इंसान और अच्छा कप्तान मानते हैं। उन्होंने कहा, "मैंने यह नहीं सोचा कि 'अरे, इसे क्यों चुना गया?' लेकिन हां, मुझे थोड़ी निराशा हुई क्योंकि हमने दो साल में एक भी सीरीज नहीं हारी थी और विश्व कप एवं एशिया कप भी जीता था। ऐसे में आप यही सिलसिला आगे भी जारी रखना चाहते हैं। अगर सब कुछ अच्छा चल रहा है, तो बदलाव क्यों? मैं घर पर बैठा सोच रहा था, 'ऐसा कैसे हो सकता है?'"
टी20 पर ध्यान, वनडे से बनाई दूरी
भारतीय टीम में वापसी की तैयारी को लेकर 35 वर्षीय सूर्यकुमार ने कहा कि वह अपना ध्यान टी20 क्रिकेट पर केंद्रित करना चाहते हैं। उन्होंने साफ कहा कि वह फिलहाल वनडे क्रिकेट के बारे में बात नहीं करना चाहते, क्योंकि काफी कोशिश करने के बावजूद वह इस फॉर्मेट को "समझ" नहीं पाए। उन्होंने कहा, "मैं इस मानसिकता के साथ तैयारी कर रहा हूं कि मैं क्रिकेट खेलना चाहता हूं और मुझे पता है कि यह फॉर्मेट (टी20) कैसे खेला जाता है। मैं वनडे क्रिकेट के बारे में बात नहीं करना चाहता। मैंने बहुत कोशिश की, लेकिन मुझे यह समझ नहीं आया।"
वनडे में 773 रन बनाए
सूर्यकुमार ने भारत के लिए 37 वनडे मैच खेले हैं। 35 पारियों में उन्होंने 25.76 के औसत और 105 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 773 रन बनाए हैं। उनके नाम चार अर्धशतक हैं और इस फॉर्मेट में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 72 रन है।
(एएनआई)
यह भी पढ़ें: 'यह हद से ज्यादा है': विश्व कप फाइनल की झड़प पर 10 मैचों के प्रतिबंध के बाद पारेडेस ने जताई नाराजगी