समस्तीपुर जिले के शाहपुर गांव में सेप्टिक टैंक की सेंटरिंग खोलने के दौरान जहरीली गैस के चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई, वहीं तीन अन्य मजदूर बेहोश हो गए।
समस्तीपुर (बिहार)। समस्तीपुर जिले के शिवाजीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहपुर गांव में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां सेप्टिक टैंक की सेंटरिंग खोलने के दौरान जहरीली गैस के चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई, वहीं तीन अन्य मजदूर बेहोश हो गए। सभी बेहोश मजदूरों को प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय PHC लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर कर दिया गया।
टैंक में उतरते ही बिगड़ने लगी हालत
बताया गया है कि शाहपुर गांव निवासी पलटन ठाकुर ने अपने पुराने मकान में पिछले दिनों सेप्टिक टैंक बनवाया था। वहीं सोमवार को टैंक के अंदर लगी सेंटरिंग खोलने के लिए मिस्त्री और मजदूर टैंक में नीचे उतरे थे। इसी दौरान टैंक में भरी जहरीली गैस की चपेट में आने से मजदूर एक-एक कर बेहोश होने लगे। टैंक के अंदर मजदूरों के गिरने की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बुजुर्ग को डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद चारों मजदूरों को बाहर निकाला और आनन-फानन में शिवाजी नगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने 60 वर्षीय पलटन ठाकुर को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य 3 मजदूरों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर कर दिया गया। बेहोश मजदूरों की पहचान बहेरी निवासी कन्हाई मंडल, शाहपुर गांव के झिलमिल दास और अजय गाढ़ा के रूप में हुई है।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर, मामले को लेकर शिवाजी नगर थाना प्रभारी रबींद्र कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: राष्ट्रपति मुर्मु आज 66 हस्तियों को पद्म पुरस्कारों से करेंगी सम्मानित