औरंगाबाद के लीला बिगहा में सर्पदंश से 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। परिजन पहले झाड़-फूंक कराते रहे, बाद में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
औरंगाबाद (बिहार)। ओबरा थाना क्षेत्र के लीला बिगहा में सर्प दंश से 10 वर्षीय एक बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान लीला बिगहा निवासी अनिल पासवान के बेटे के रूप में की गई है।
सांप के काटने के बाद इलाज में हुई देरी
परिजनों के अनुसार गुरुवार रात आयुष अपने पिता के साथ घर में सो रहा था। इसी दौरान किसी जहरीले सांप ने उसे काट लिया। शुरुआत में परिवार को लगा कि बच्चे को किसी कीड़े-मकोड़े ने काटा है, इसलिए घर पर ही सामान्य उपचार किया जाता रहा। जब बच्चे की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी तो परिजन उसे झाड़-फूंक कराने ले गए। काफी समय बीत जाने के बाद देर रात उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद लाया गया। हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी। जांच के बाद चिकित्सकों ने आयुष को मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टरों की अपील, बारिश में बढ़ रहे सर्पदंश के मामले
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। चिकित्सकों की माने तो सर्पदंश के बाद हर मिनट महत्वपूर्ण है, इसलिए झाड़-फूंक या घरेलू नुस्खों में समय बर्बाद करने के बजाय मरीज को तत्काल नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाएं। विदित हो कि बारिश के मौसम में बढ़ रहे हैं सांप काटने के मामले बारिश के मौसम में औरंगाबाद जिले में सांप के काटने की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के अनुसार इस वर्ष अब तक जिले में सांप के डंसने से 8 से 10 लोगों की मौत की बात सामने आ चुकी है। हालांकि इन आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि संबंधित विभाग द्वारा की जानी बाकी है।
यह भी पढ़े: जसवंतनगर में 18 क्वार्टर अवैध देशी शराब के साथ युवक गिरफ्तार, आबकारी अधिनियम में केस दर्ज