समस्तीपुर जिले में एक विवाहिता महिला की मांग में जबरन सिंदूर भरने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
समस्तीपुर (बिहार)। जिले के खानपुर थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक एक विवाहिता महिला की मांग में जबरन सिंदूर भरता नजर आ रहा है। इस दौरान महिला विरोध करती और युवक से ऐसा नहीं करने की गुहार लगाती दिखाई दे रही है। इसके बावजूद युवक उसे बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले जाता है।
महिला ने दर्ज कराई थी शिकायत
मामले को लेकर समस्तीपुर के डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि 28 अक्टूबर 2026 को 38 वर्षीय पीड़िता ने खानपुर थाना में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। महिला के आवेदन के आधार पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मुख्य आरोपी कुंदन कुमार गिरफ्तार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी 25 वर्षीय कुंदन कुमार पिता दिनेश महतो, निवासी मसीना गांव को बेगूसराय जिले के खोदावंदपुर से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद उसे खानपुर थाना लाकर पूछताछ की जा रही है।
पहले से एक-दूसरे को जानते थे महिला और आरोपी
डीएसपी ने बताया है कि पीड़िता शादीशुदा है और उसका एक बेटा भी है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला और आरोपी कुंदन कुमार एक-दूसरे को कई वर्षों से जानते थे और उनके बीच बातचीत भी होती थी। दोनों के बीच विवाद की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है।
अन्य आरोपियों और वीडियो वायरल करने वालों की भी जांच
डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने वाले लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। अनुसंधान के आधार पर सभी संबंधित लोगों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ेंः रामनगर पुछडी मुस्लिम बस्ती में चला का बुलडोजर, 14 हैक्टेयर सरकारी भूमि अतिक्रमण मुक्त