अमेठी के जामो थाने में मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत आयोजित कार्यक्रम में कक्षा 10 की छात्रा मधु पाण्डेय को एक दिन का थाना प्रभारी बनाया गया।
अमेठी: मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत मंगलवार को जामो थाने के मॉडल मिशन शक्ति केंद्र पर महिला जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जनता इंटर कॉलेज जामो की कक्षा 10 की छात्रा मधु पाण्डेय को एक दिन के लिए थाना प्रभारी बनाया गया। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करने के साथ उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली से परिचित कराना है।
महिला हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में आयोजित कार्यक्रम में जनता इंटर कॉलेज जामो, सर्वोदय इंटर कॉलेज जामो, दयानंद पब्लिक स्कूल जामो, एसबी मेमोरियल इंटर कॉलेज गोगमऊ की छात्राओं और क्षेत्र की समूह सखियों ने प्रतिभाग किया। गोष्ठी के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं की सहायता के लिए संचालित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इनमें महिला हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, एंबुलेंस सेवा 102, साइबर हेल्पलाइन 1930 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शामिल हैं।
मधु पाण्डेय बनीं एक दिन की थाना प्रभारी
इसके साथ ही मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के बारे में विस्तार से बताया गया। महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया। गोष्ठी में साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी के विभिन्न तरीकों के बारे में जानकारी दी गई। छात्राओं और महिलाओं को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, किसी के साथ ओटीपी शेयर नहीं करने और ऑनलाइन ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई। जामो थाने में मधु पाण्डेय को एक दिन की थाना प्रभारी बनाए जाने की पहल के जरिए बालिकाओं को नेतृत्व, निर्णय लेने की क्षमता और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को समझने का अवसर दिया गया।
ये भी पढ़ें- रीवा में गूलर के पेड़ से निकलने लगा पानी, चमत्कार मानकर पूजा करने पहुंचे सैकड़ों लोग