प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

खनिज माफिया पर बड़ा एक्शन

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में ताबड़तोड़ कार्रवाई, अवैध रेत-गिट्टी परिवहन करते 11 वाहन जब्त

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए लगातार कार्रवाई तेज कर दी है।

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में ताबड़तोड़ कार्रवाई अवैध रेत-गिट्टी परिवहन करते 11 वाहन जब्त

11 Vehicles Seized in Crackdown on Illegal Mineral Transport in GPM District |

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (छत्तीसगढ़)। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए लगातार कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन के निर्देश पर खनिज विभाग द्वारा गौरेला-पेंड्रा -मरवाही क्षेत्र में दो अलग-अलग कार्रवाइयों के दौरान कुल 11 वाहनों को जब्त किया गया है। इस कार्रवाई से खनिज माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

दो चरणों की कार्रवाई में 11 वाहन जब्त

पहली कार्रवाई में खनिज विभाग की टीम ने पीपरडोल एवं दुबटिया क्षेत्र में रेत और गिट्टी का अवैध परिवहन करते पाए गए 7 वाहनों को जब्त किया। वहीं दूसरी कार्रवाई के दौरान खंता, अंडी और पीपरखूंटी क्षेत्रों में अवैध खनिज परिवहन करते हुए एक हाईवा एवं तीन ट्रैक्टर सहित चार वाहनों को पकड़ा गया।

अवैध खनिज गतिविधियों पर रखी जा रही निगरानी

सहायक खनिज अधिकारी आदित्य मानकर ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। विभागीय टीम नियमित रूप से गश्त कर रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है।

नियमों के उल्लंघन पर केस दर्ज

उन्होंने बताया कि जब्त किए गए सभी वाहन मालिकों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21(1), 21(5) एवं 23(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है। संबंधित वाहनों को निर्धारित अर्थदंड एवं समझौता राशि खनिज मद में जमा कराने के बाद ही मुक्त किया जाएगा।

प्राकृतिक संसाधनों को बचाने की मुहिम

खनिज विभाग के अनुसार जिले में खनिजों से जुड़ी किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों की अवैध निकासी पर रोक लगाना तथा शासन को होने वाले राजस्व नुकसान को रोकना है।

आगे भी जारी रहेगी औचक चेकिंग

इस कार्रवाई में सहायक खनि अधिकारी आदित्य मानकर, खनि निरीक्षक सुजीत कंवर, नगर सैनिक सतीश साहू एवं साहिब गनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की औचक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

यह भी पढ़ें: दिल्ली के मुकुंदपुर में सिलेंडर ब्लास्ट से ढहा मकान, 10 लोग घायल

Related to this topic: