डिंडोरी के सिमरिया गांव में जहरीले सर्प के डंसने से 11 वर्षीय प्रियंका की मौत हो गई। इलाज के दौरान जिला अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया, जिसके बाद गांव में शोक छा गया।
डिंडोरी (मध्य प्रदेश)। जिले के ग्राम सिमरिया से एक ऐसी हृदय विदारक घटना सामने आई है, जिसने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। मासूम उम्र, खिलखिलाती मुस्कान और सुनहरे सपनों से भरी 11 वर्षीय प्रियंका की जिंदगी जहरीले सर्प के एक दंश ने पलभर में छीन ली। इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
खेलते समय जहरीले सर्प ने डंसा, इलाज के दौरान तोड़ा दम
जानकारी के अनुसार, प्रियंका गांव के अन्य बच्चों के साथ क्रेशर के पास स्थित भर्रा क्षेत्र में खेल रही थी। इसी दौरान झाड़ियों के बीच छिपे एक जहरीले सर्प ने उसे डंस लिया। पहले तो बच्चों को कुछ समझ नहीं आया, लेकिन प्रियंका की तबीयत बिगड़ने पर ग्रामीण तत्काल उसे जिला अस्पताल डिंडोरी लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसे बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
बेटी की मौत की खबर से अस्पताल में मचा कोहराम
बताया जा रहा है कि घटना के समय प्रियंका के परिजन खेत में खेती के कार्य में व्यस्त थे। जैसे ही बेटी की मौत की खबर उन्हें मिली, अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई। मां-बाप और परिजनों का विलाप देख वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही गांव के लोग और रिश्तेदार बड़ी संख्या में जिला अस्पताल पहुंच गए।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव, गांव में शोक
पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद मासूम का शव परिजनों को सौंप दिया गया। गांव में शोक का माहौल है और हर किसी की जुबान पर यही सवाल है कि खेलते-खेलते आखिर इस मासूम की जिंदगी इतनी दर्दनाक तरीके से क्यों खत्म हो गई।
बरसात में सर्पदंश के खतरे से सतर्क रहने की अपील
यह घटना बरसात के मौसम में सर्पदंश के बढ़ते खतरे की भी गंभीर चेतावनी है। विशेषज्ञों का कहना है कि बच्चों को झाड़ियों, खेतों और सुनसान स्थानों पर अकेले खेलने से बचाना चाहिए तथा सर्पदंश की स्थिति में बिना देरी किए मरीज को तुरंत अस्पताल पहुंचाना ही उसकी जान बचाने का सबसे प्रभावी उपाय है।
यह भी पढ़ेंः रीवा में कांग्रेस नेता की चाकू मारकर हत्या, 4 घंटे में पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार