प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

शिवपुरी में दर्दनाक हादसा

मिट्टी खोदते समय कुएं में गिरी 18 वर्षीय युवती, मौत से दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं

शिवपुरी के दिनारा क्षेत्र के छितीपुर गांव में दीपावली की तैयारी के लिए मिट्टी खोदते समय 18 वर्षीय सोनम जाटव कुएं में गिर गईं। करीब दो घंटे के प्रयास के बाद उन्हें निकाला गया, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी

मिट्टी खोदते समय कुएं में गिरी 18 वर्षीय युवती मौत से दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं

18-Year-Old Woman Dies After Falling Into Well |

शिवपुरी (मध्य प्रदेश)। दिनारा दीपावली की तैयारियों के बीच एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। शिवपुरी जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के छितीपुर गांव में एक दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय युवती की कुएं में गिरने से मौत हो गई। युवती घर की लिपाई-पुताई के लिए मिट्टी खोदने गई थी। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह खेत में बने कच्चे कुएं में जा गिरी। घटना के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई।

घर की लिपाई के लिए मिट्टी खोदने गई थी सोनम

जानकारी के अनुसार, छितीपुर गांव निवासी 18 वर्षीय सोनम जाटव दीपावली के त्योहार को देखते हुए घर की लिपाई-पुताई के लिए मिट्टी लेने खेत में गई थी। वह खेत में बने कच्चे कुएं के पास मिट्टी खोद रही थी। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह कुएं में जा गिरी। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। युवती को कुएं में गिरा देखकर लोगों ने तत्काल उसे बाहर निकालने के प्रयास शुरू किए।

दो घंटे तक चला रेस्क्यू, ग्रामीणों ने किए प्रयास

बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने युवती को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए करीब दो घंटे तक मशक्कत की। कुएं से उसे बाहर निकालने के लिए कांटे का सहारा लिया गया। काफी प्रयासों के बाद ग्रामीण सोनम को कुएं से बाहर निकालने में सफल हुए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। त्योहार की तैयारियों में जुटे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

सगाई हो चुकी थी, त्योहार की खुशियां मातम में बदलीं

बताया जा रहा है कि सोनम की सगाई हो चुकी थी। परिवार दीपावली की तैयारियों में जुटा था, लेकिन एक हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। जिस घर में त्योहार की रौनक और खुशियों की उम्मीद थी, वहां अब शोक का माहौल है। इस घटना से गांव में भी दुख का माहौल बना हुआ है। हर कोई इस दर्दनाक हादसे पर दुख जता रहा है। 

यह भी पढ़ें:   गोंडा में नाबालिग से दुराचार मामले का वांछित आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय भेजा गया

Related to this topic: