सुपौल में एनएच-27 पर झाझा के पास पटना से वीरपुर जा रही देव ट्रैवल्स की एक तेज रफ्तार बस सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक से टकरा गई। इस भीषण हादसे में बस के खलासी की मौके पर ही मौत हो गई।
सुपौल (बिहार)। जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र में झाझा के पास सोमवार तड़के सुबह एनएच-27 पर भीषण सड़क हादसा हो गया। पटना से वीरपुर जा रही देव ट्रैवल्स की बस सड़क किनारे पहले से खराब हालत में खड़े ट्रक से जोरदार टकरा गई। हादसे में बस के खलासी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 36 यात्री घायल हो गए। बस में लगभग 72 से 75 यात्रियों के सवार होने की जानकारी मिली है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दुर्घटना में बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त
हादसे के बाद स्थानीय पुलिस और अन्य लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), भपटियाही पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया। वहीं, दुर्घटना में बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रक के पिछले हिस्से को भी भारी नुकसान पहुंचा है। घटनास्थल पर बस के टूटे शीशे बिखरे नजर आए। मौके पर मौजूद एक पुलिस जवान ने बताया कि ट्रक चालक ने फोन कर सूचना दी थी कि ट्रक की वायरिंग जल गई है। इसके बाद विधि-व्यवस्था की ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी एनएच-27 पर पहुंचे थे।
तेज गति से आ रही बस ट्रक से टकराई
पुलिसकर्मियों के अनुसार, ट्रक सड़क पर खड़ा था, तभी तेज गति से आ रही बस सीधे उसके पिछले हिस्से से टकरा गई। ड्यूटी पर मौजूद पुलिस जवान ने बताया कि बस की रफ्तार और टक्कर इतनी तेज थी कि वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को भी अपनी जान बचाने के लिए हटना पड़ा। उनके मुताबिक, बस चालक की लापरवाही के कारण हादसा हुआ। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
खलासी की ट्रक से टक्कर के दौरान मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस के अगले हिस्से में बैठे खलासी की ट्रक से टक्कर के दौरान मौत हो गई। टक्कर की भयावहता का अंदाजा बस के क्षतिग्रस्त अगले हिस्से और सड़क पर बिखरे कांच के टुकड़ों से लगाया जा सकता है। थानाध्यक्ष जय प्रकाश चौधरी ने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं। मामले में जांच और आवश्यक कार्रवाई जारी है।
यह भी पढ़ेंः गोरखपुर में चेकिंग के दौरान अवैध देशी पिस्टल के साथ युवक गिरफ्तार