मोतिहारी के तुरकौलिया थाना क्षेत्र में नौवीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा से कथित छेड़खानी के आरोप में शिक्षक बलिराम कुमार को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
मोतिहारी: जिले के तुरकौलिया थाना क्षेत्र में छेड़खानी के आरोप में एक शिक्षक के पकड़े जाने के बाद जमकर हंगामा हुआ। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने आरोपी शिक्षक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी शिक्षक जिले के पताही थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। वह बीपीएससी के माध्यम से शिक्षक पद पर नियुक्त है। और तुरकौलिया बाजार में किराये के मकान में रहता है। वह उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बभनौली गांव में ड्यूटी करने के लिए वहां से आना-जाना करता है। घटना की सूचना मिलने के बाद मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई।
प्रेम-प्रसंग का झांसा देकर स्कूल से अपने साथ ले गया
आरोपी शिक्षक बलिराम कुमार पर आरोप है कि करीब 15 दिन पहले वह नौवीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा को प्रेम-प्रसंग का झांसा देकर स्कूल से अपने साथ ले गया था। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने छात्रा को वापस पाया था। उस समय लोक-लाज (शर्म) के चलते ग्रामीणों ने मामले को लेकर चुप्पी साध ली थी, लेकिन आज नाबालिग छात्रा के साथ कथित छेड़खानी करते हुए शिक्षक के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने स्कूल परिसर में जमकर हंगामा किया और आरोपी शिक्षक बलिराम कुमार को पकड़कर तुरकौलिया थाना पुलिस के हवाले कर दिया। मामले की जानकारी मिलते ही मोतिहारी एसडीओ अरुण कुमार और मोतिहारी सदर एसडीपीओ दिलीप कुमार तुरकौलिया थाना पहुंचे, जहां छात्रा और परिजनों से पूछताछ करते हुए मामले में कानूनी करवाई करने का निर्देश दिया है।
ये भी पढे़ं- हाथरस में ट्रैक्टर-कार की भीषण टक्कर, एक की मौत दो गंभीर रूप से घायल