पुलिस आरोपी से शराब की सप्लाई चेन, तस्करी नेटवर्क और अन्य संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
सिरोही (राजस्थान) । जिले में अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबूरोड रीको थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब के 190 कार्टून जब्त किए हैं। पुलिस ने शराब से भरे मिनी ट्रक को कब्जे में लेकर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, बुधवार रात मावल पुलिस चौकी पर सघन नाकाबंदी के दौरान गुजरात की ओर जा रहे एक मिनी ट्रक को रोककर जांच की गई। तलाशी के दौरान ट्रक में पतेदार गोभी से भरे कट्टों की आड़ में छिपाकर रखी गई चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने ट्रक में भरे कुल 190 कार्टून शराब जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया।
जालोर निवासी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिल कुमार (23) पुत्र ओमप्रकाश विश्नोई निवासी वीरावा, थाना चितलवाना, जिला जालोर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब की खेप चंडीगढ़ से गुजरात ले जाई जा रही थी। पुलिस आरोपी से शराब की सप्लाई चेन, तस्करी नेटवर्क और अन्य संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी लक्ष्मणसिंह चम्पावत, सहायक उप निरीक्षक भवानीसिंह (मुख्य भूमिका), कांस्टेबल मालदेव, गोपाल, दिनेश, दिलीपसिंह, ओमप्रकाश, प्रकाश एवं नेनाराम की विशेष भूमिका रही।
इसे भी पढ़ेंः कार को बचाने के चक्कर में दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत, एक गंभीर घायल