बैतूल जिले की 120 किलोमीटर लंबी ऐतिहासिक कांवड़ यात्रा अपने 25वें वर्ष में चिचोली पहुंची, जहां श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा के साथ भव्य स्वागत किया गया।
बैतूल: शुक्रवार को चिचोली शहर में जिले की सबसे बड़ी कांवड़ यात्रा पहुंची। पूरे शहर में 'जय श्री महाकाल' के जयकारों के साथ 'श्री तपश्री बोलबम' धार्मिक सेवा मंडल द्वारा आयोजित बैतूल जिले की सबसे बड़ी 120 किलोमीटर लंबी पैदल कावड़ यात्रा अपने 25वें वर्ष में प्रवेश कर गई। विगत 25 वर्षों से अनवरत जारी यह ऐतिहासिक यात्रा शुक्रवार को चिचोली नगर भ्रमण पर निकली, जहां नगरवासियों और सामाजिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर कावड़ियों और भगवान महाकाल की भव्य पालकी का जोरदार स्वागत किया
इस दिन होगा यात्रा का समापन
आयोजक समिति के पप्पू राठौर और विजय राठौर ने बताया कि यह 6 दिवसीय कांवड़ यात्रा मां ताप्ती के पावन तट घोघरा घाट से शुरू हुई है। श्रद्धालु भीमपुर, चिचोली, देवगांव और बैतूल होते हुए सोमवार 10 अगस्त को अंतिम पड़ाव 'छोटा महादेव' भोपाली पहुंचेंगे। जहां भगवान भोलेनाथ के शिवलिंग का पवित्र ताप्ती जल से महाअभिषेक करने के साथ ही इस यात्रा का समापन होगा।
बीते 25 सालों से निकाली जा रही कांवड़ यात्रा
मिली जानकारी अनुसार, श्रावण मास के पावन अवसर पर चिचोली शहर में भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। बताया जा रहा है कि बीते 25 वर्षों से श्रावण मास में यह भव्य कांवड़ यात्रा निकाली जा रही है। आज शुक्रवार 'तपश्री बोल बम धार्मिक सेवा मंडल' के तत्वावधान में कांवड़ पदयात्रा भोपाली शिवधाम के लिए निकली गई, जिसका शुभारंभ ताप्ती भैया के पावन घोघरा घाट पर पूजा अर्चना कर कांवड़ में ताप्ती भैया का जल भरकर कांवड़ियों का बड़ा जत्था भोपाली शिवधाम के लिए रवाना हुआ।
धार्मिक यात्रा में हजारों लोग हुए शामिल
यह धार्मिक अनुष्ठान 10 अगस्त तक चलेगा। ताप्ती भैया के पवित्र जल से रानीपुर में स्थित प्रसिद्ध प्राचीन भोपाली शिवधाम मंदिर में भगवान शिव का पवित्र जल से जलाभिषेक कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की मगल कामना की जाएगी। चिचोली शहर में कांवड़ लेकर निकले शिवभक्तों का भव्य स्वागत किया गया आस्था के इस धार्मिक कार्य में पूरा शहर भक्ति के रंग में नजर आया। हर हर महादेव के जय घोष से पूरा शहर गूंज उठा। इस धार्मिक यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए।
ये भी पढ़ें- निकाय और पंचायत चुनाव को लेकर BJP की बड़ी बैठक, कार्यकर्ताओं को दिए जरूरी निर्देश