समस्तीपुर के ताजपुर में NH-28 पर पानी लेने के लिए बस से उतरकर सड़क पार कर रहे 24 वर्षीय सुमित सुमन को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
समस्तीपुर (बिहार)। दादा से मिलकर मां के साथ मुजफ्फरपुर लौट युवक की समस्तीपुर जिले के ताजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-28 पर राजधानी चौक के पास भीषण सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक की पहचान 24 वर्षीय सुमित सुमन के रूप में हुई
मृतक की पहचान बेगूसराय जिले के वीरपुर निवासी रिटायर्ड प्रोफेसर चंद्र किशोर झा के पुत्र 24 वर्षीय सुमित सुमन के रूप में हुई है। वह ग्रेजुएशन का छात्र था। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सुमित अपनी मां के साथ बेगूसराय से मुजफ्फरपुर लौट रहा था। इसी दौरान बस से उतरकर पानी लेने के लिए वह सड़क पार करने लगा। तभी मुजफ्फरपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि सुमित की मौके पर ही मौत हो गई।
शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा
बताया गया कि सुमित अपने 96 वर्षीय बीमार दादा से मिलने बेगूसराय गया था। दादा कुछ दिन पहले ही अस्पताल से घर लौटे थे। उनसे मुलाकात के बाद वह मां के साथ वापस मुजफ्फरपुर जा रहा था। मुजफ्फरपुर यूनिवर्सिटी कैंपस के पास उसका मकान है। घटना की सूचना मिलते ही ताजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
यह भी पढ़ेंः अपमानजनक टिप्पणी पर दिल्ली में वकीलों का विरोध, ACP मनस्वी वशिष्ठ को सस्पेंड करने की मांग