औरंगाबाद के दाउदनगर-बारुण रोड पर 25 वर्षीय विकास कुमार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं।
औरंगाबाद (बिहार)। गुरुवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक की मौत हो गई। युवक का शव सड़क पर पड़ा मिला। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान है। घटनास्थल के पास ही उसकी गाड़ी खड़ी थी। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पड़ताल जारी है। घटना दाउदनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दाउदनगर-बारुण रोड में चौरम पुल से आगे बिजली ग्रिड के समीप की है। परिजन ने घटना को संदिग्ध मानते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।
मुर्गा दुकान में काम करता था मृतक
मृतक की पहचान बाबू अमौना गांव निवासी सुरेंद्र चंद्रवंशी के पुत्र 25 वर्षीय विकास कुमार के रूप में हुई है। विकास अपने ननिहाल दाउदनगर थाना क्षेत्र के केसराड़ी गांव में रहकर जीवनयापन करता था। वह दाउदनगर शहर स्थित एक मुर्गा दुकान में काम करता था। परिजनों के अनुसार, गुरुवार की शाम करीब सात से आठ बजे के बीच दुकान का काम समाप्त करने के बाद वह अपनी गाड़ी से नानी के घर लौट रहा था। इसी दौरान चौरम पुल से आगे बिजली ग्रिड के समीप वह सड़क पर गिरा हुआ मिला। सड़क पर युवक को अचेत अवस्था में पड़ा देखकर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना दी।
चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत किया घोषित
इसके बाद उसे इलाज के लिए तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल, दाउदनगर पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि यदि युवक की मौत सामान्य सड़क दुर्घटना में हुई होती तो उसके शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोट या खरोंच के निशान दिखाई देने चाहिए थे। लेकिन उसके सिर पर ही गंभीर चोट थी। इस बात को लेकर परिवार के सदस्य कई तरह के सवाल उठा रहे हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद दाउदनगर थाना की पुलिस अनुमंडलीय अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा
इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद भेज दिया गया। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। यादव महासभा के अध्यक्ष एवं गोरडीहा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि नागेंद्र सिंह ने अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचकर मृतक के परिजनों से मुलाकात की और सांत्वना दी। थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
यह भी पढ़ें: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड फिल्म पुरस्कारों को दी मंजूरी