उज्जैन और नागदा रेलवे स्टेशनों पर गुरुवार रात पुलिस और प्रशासन ने एक संयुक्त कार्रवाई करते हुए 26 नाबालिग बच्चों को बाल तस्करी (Human Trafficking) के संदेह में रेस्क्यू किया।
उज्जैन (मध्य प्रदेश)। उज्जैन और नागदा रेलवे स्टेशनों पर गुरुवार रात पुलिस और प्रशासन ने एक संयुक्त कार्रवाई करते हुए 26 नाबालिग बच्चों को बाल तस्करी (Human Trafficking) के संदेह में रेस्क्यू किया। यह ऑपरेशन रात 11:30 बजे शुरू होकर तड़के 3 बजे तक चला। घटना अंत्योदय एक्सप्रेस की है जो दरभंगा से अहमदाबाद की ओर जा रही थी। यह वारदात उज्जैन रेलवे स्टेशन और नागदा जंक्शन के बीच की है।
ऐसे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अंत्योदय एक्सप्रेस में बड़ी संख्या में बच्चों को अवैध रूप से ले जाया जा रहा है। जैसे ही ट्रेन रात 11:30 बजे उज्जैन स्टेशन पहुंची, सीएसपी दीपिका शिंदे के नेतृत्व में पुलिस बल और जीआरपी ने ट्रेन को घेर लिया। स्टेशन पर सघन तलाशी के दौरान सबसे पहले 4 बच्चों को उतारा गया।
नागदा स्टेशन को किया अलर्ट
इसी बीच ट्रेन आगे बढ़ गई, जिसके बाद तुरंत नागदा स्टेशन को अलर्ट किया गया। वहां ट्रेन रुकवाकर लगभग एक घंटे तक सर्चिंग की गई, जहाँ से 22 और बच्चों को रेस्क्यू किया गया। पुलिस ने इस मामले में सद्दाम हुसैन और अमानुल्लाह सहित कुल 8 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 143 (तस्करी) के तहत मामला दर्ज किया है।
प्रशासन की अगली कार्रवाई
रेस्क्यू किए गए बच्चों में से कुछ की उम्र 14 साल से भी कम है। पुलिस के अनुसार, बच्चों को फिलहाल उज्जैन की चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) की देखरेख में रखा गया है। सपरिजनों से संपर्क किया जा रहा है ताकि उनकी पहचान और गंतव्य की पुष्टि की जा सके। शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने दावा किया है कि बच्चों को मदरसे में दाखिले के लिए ले जाया जा रहा था, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
कटनी में भी चला था आरपेशन
हाल ही में मध्य प्रदेश के कटनी में भी इसी तरह का एक बड़ा ऑपरेशन चलाया गया था, जहाँ 163 बच्चों को रेस्क्यू किया गया था। रेलवे प्रशासन और पुलिस अब ट्रेनों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरत रही है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/tractor-rental-scam-busted-20-vehicles-recovered/181899
उज्जैन में किराए पर ट्रैक्टर लेकर बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 20 ट्रैक्टर बरामद