औरंगाबाद जिले में NH-120 पर अज्ञात हाइवा की टक्कर से बाइक सवार 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई।
औरंगाबाद (बिहार)। सड़क दुर्घटना में बाइक सवार 26 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई। घटना गोह थाना क्षेत्र के एनएच-120 पर कोसडिहरा मोड़ के समीप की है। मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के बाजार बर्मा गांव निवासी स्व. बालदेव यादव के पुत्र कमलेश कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार की देर रात कमलेश अपने ससुराल थाना क्षेत्र के झमन बिगहा गांव जा रहा था। जैसे ही वह कोसडिहरा मोड़ की समीप पहुंचा की विपरीत दिशा से आ रही अज्ञात हाइवा ने जोरदार टक्कर मार दिया, जिसमें वह सड़क पर गिर पड़ा।
असहनीय दर्द से मौके पर मौत
हादसे में अंदरूनी गंभीर चोट और असहनीय दर्द से उसकी मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना ससुराल वाले और पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेज दिया। इस घटना से मृतक के परिजनों में शोक व्याप्त है। लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के दो छोटे-छोटे मासूम बच्चे
बताया जाता है कि मृतक के दो छोटे-छोटे मासूम बच्चे है। स्थानीय लोगों ने मृतक के आश्रितों के लिए मुआवजे की मांग की है। थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि अज्ञात हाइवा की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: सिंगरौली में दो वाहनों की आमने-सामने भीषण टक्कर, एक युवक की मौके पर मौत और दूसरा गंभीर घायल