श्योपुर जिले के आवदा थाना इलाके के जंगल में तेंदूपत्ता तोड़कर घर लौट रहे ग्रामीणों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में बच्चों समेत कुल 28 लोग घायल हो गए हैं।
श्योपुर (मध्य प्रदेश)। जिले से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है। यहाँ आवदा थाना इलाके के जंगल में तेंदूपत्ता तोड़कर घर लौट रहे ग्रामीणों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत कुल 28 लोग घायल हो गए हैं, जिनमें से 13 लोगों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।
तेज रफ्तार वाहन के अचानक मोड़ने से हुआ हादसा
यह हादसा आवदा इलाके के भोजका, धावा और पनार गांवों के बीच स्थित जंगल के रास्ते पर हुआ। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर चालक वाहन को काफी तेज रफ्तार में चला रहा था। जंगल के रास्ते पर एक मोड़ के दौरान जैसे ही उसने तेज रफ्तार में ट्रैक्टर को घुमाया, ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया। ट्रॉली पूरी तरह सड़क पर पलट गई।
सभी घायल 'केरका' गांव के निवासी
ट्रॉली में सवार सभी मजदूर और ग्रामीण केरका गांव के रहने वाले हैं। घटना के समय ट्रॉली में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि ट्रॉली में सवार एक भी ऐसा व्यक्ति नहीं था, जिसे छोटी-मोटी या गंभीर चोटें न आई हों।
किसी तरह घायल सड़क तक पहुंचे, फिर पहुंची एम्बुलेंस
हादसे के बाद घायल मजदूर दर्द से कराहते हुए किसी तरह मुख्य सड़क तक पहुंचे। इसके बाद राहगीरों और ग्रामीणों की मदद से 108 एम्बुलेंस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल सभी लोगों को तुरंत जिला अस्पताल श्योपुर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/mp-ministers-face-performance-review-at-cm-house/205777
सीएम हाउस में मंत्रियों के प्रदर्शन की जांच, सत्ता-संगठन से मांगा गया ढाई साल का हिसाब