अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच खैरागढ़ में डीजल चोरी का बड़ा मामला सामने आया है।
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (छत्तीसगढ़)। अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच खैरागढ़ में डीजल चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। नया बस स्टैंड में खड़ी पांच यात्री बसों से अज्ञात चोर करीब 300 लीटर डीजल चोरी कर ले गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुटी हुई है।
पांच बसों के टैंक से उड़ाया ₹30 हजार का डीजल
खैरागढ़ के नया बस स्टैंड में शनिवार देर रात चोरों ने पांच यात्री बसों को निशाना बनाया। आरोपियों ने बसों के डीजल टैंकों के ताले तोड़कर करीब 300 लीटर डीजल चोरी कर लिया। बस संचालकों के मुताबिक चोरी हुए डीजल की कीमत लगभग ₹30 हजार है। घटना की जानकारी मिलते ही बस ऑपरेटरों में नाराजगी फैल गई।

सफेद स्कॉर्पियो से आए चोर, सीसीटीवी में कैद हुई करतूत
बस स्टैंड परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में सफेद रंग की एक स्कॉर्पियो देर रात करीब दो बजे प्रवेश करती दिखाई दे रही है। फुटेज में कुछ युवक वाहन से उतरकर बसों के टैंकों से गेलनों में डीजल भरते नजर आ रहे हैं। करीब आधे घंटे तक आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया और इसके बाद छुईखदान की दिशा में फरार हो गए।
बस संचालकों ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
घटना के बाद बस संचालकों ने बस स्टैंड की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि रात के समय न तो पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रहती है और न ही नियमित पुलिस गश्त होती है, जिसके चलते असामाजिक तत्व बेखौफ होकर चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। बस संचालकों को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी हुए डीजल और नुकसान की भरपाई कराई जाएगी। खैरागढ़ बस स्टैंड में हुई इस बड़ी डीजल चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। अब देखना होगा कि पुलिस सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों तक कब पहुंच पाती है।
यह भी पढ़ें: परमाणु कार्यक्रम बंद करना अब मुमकिन नहीं, अमेरिका-जापान का सपना कभी नहीं होगा पूरा: उत्तर कोरिया