प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

बदमाशों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

राहगीरों से शराब के लिए पैसे मांगकर मारपीट करने वाले चार बदमाश गिरफ्तार

राजनांदगांव जिले में राह चलते लोगों को रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगने, मारपीट करने और सब्जी मंडी में दहशत फैलाने वाले बदमाशों पर बसंतपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।

राहगीरों से शराब के लिए पैसे मांगकर मारपीट करने वाले चार बदमाश गिरफ्तार

4 Arrested, 4 Minors Detained for Extortion and Assault |

राजनांदगांव (छत्तीसगढ़)। राजनांदगांव जिले में राह चलते लोगों को रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगने, मारपीट करने और सब्जी मंडी में दहशत फैलाने वाले बदमाशों पर बसंतपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि चार विधि के विरुद्ध संघर्षरत बालकों को संरक्षणात्मक अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से चाकू और डंडा भी बरामद किया गया है।

राहगीरों को रोककर शराब के लिए मांगते थे पैसे

पुलिस के अनुसार, आरोपी शहर के अलग-अलग इलाकों में राहगीरों को रोककर शराब के लिए पैसे मांगते थे। पैसे देने से इनकार करने पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देते थे। बीते 28 मई को नंदई चौक के पास एक युवक और उसके साथी के साथ मारपीट कर उनसे पैसे छीनने का प्रयास किया गया था। पीड़ित की शिकायत पर बसंतपुर थाने में मामला दर्ज किया गया।

सब्जी मंडी में मचा रहा था उत्पात

इसके बाद 29 मई की सुबह गंज मंडी परिसर में भी आरोपियों ने एक युवक से शराब के लिए पैसे मांगे और मना करने पर उसके साथ मारपीट की। वहीं कुछ देर बाद सब्जी मंडी में एक अन्य युवक पर चाकू और डंडे से हमला कर उसकी मोटरसाइकिल को भी नुकसान पहुंचाया गया। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।

वारदात में इस्तेमाल चाकू और डंडा बरामद

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी एमन साहू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने दबिश देकर चार आरोपियों और चार नाबालिगों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया जिसके बाद उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू और डंडा बरामद किया गया।

मुख्य आरोपी पर पहले से भी कई आपराधिक मामले हैं दर्ज

गिरफ्तार आरोपियों में हिमांशु यादव, अंकुश राजपूत, उज्जवल रजक और आदित्य साहू उर्फ आदिल शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी हिमांशु यादव के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिगों को बाल संरक्षण प्रक्रिया के तहत भेजा गया है। फिलहाल पुलिस शहर में असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान चलाकर लगातार कार्रवाई कर रही है।

यह भी पढ़ें: दिल्ली में स्पेशल सेल ने दाऊद नेटवर्क और ISI से जुड़े 9 लोगों को दबोचा

Related to this topic: