प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

सिंगरौली में आकाशीय बिजली का कहर

सिंगरौली में आकाशीय बिजली की चपेट में आकर चचेरे भाई-बहन समेत 4 की मौत, 4 मवेशी भी मरे

सिंगरौली जिले में तेज चमक-गरज के साथ आकाशीय बिजली का कहर बरपा है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने से दो चचेरे भाई-बहन समेत कुल 4 लोगों की मौत हो गई है।

सिंगरौली में आकाशीय बिजली की चपेट में आकर चचेरे भाई-बहन समेत 4 की मौत 4 मवेशी भी मरे

4 Dead, 4 Cattle Killed as Lightning Strikes Singrauli |

​सिंगरौली (मध्य प्रदेश)। सिंगरौली जिले में मौसम का मिजाज अचानक बिगड़ने के बाद हुई तेज चमक-गरज के साथ आकाशीय बिजली का कहर बरपा है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने से दो चचेरे भाई-बहन समेत कुल 4 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, चितरंगी क्षेत्र में चार मवेशियों की भी मौत की खबर है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे जिले में मातम का माहौल है।

धिरौली में आम बीनते समय उजड़ा घर

सरई थाना क्षेत्र के धिरौली गांव में आकाशीय बिजली गिरने से चचेरे भाई-बहन सुरूज कुमारी कुशवाहा (12) पिता शिवप्रसाद कुशवाहा और वेदप्रसाद कुशवाहा (16) पिता नरेन्द्र कुशवाहा की दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बच्चे घर के समीप आम बिन रहे थे, तभी अचानक आकाशीय बिजली उन पर गिरी। गंभीर रूप से झुलसे दोनों बच्चों को आनन-फानन में परिजन जिला चिकित्सालय सह ट्रॉमा सेंटर बैढ़न ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक साथ दो बच्चों की मौत से कुशवाहा परिवार में कोहराम मचा है।

​घर पहुंचने ही वाले थे अक्षय, काल ने छीन ली सांसें

इसी बीच, रम्पा गांव के पास अक्षय कुमार यादव (21) पिता रामकृपाल यादव भी बिजली की चपेट में आ गए। जानकारी के अनुसार, अक्षय रजमिलान से घरेलू सामान लेकर घर लौट रहे थे। घर से महज चंद कदम की दूरी पर जब वे पहुंचे, तभी अचानक शुरू हुई बूंदाबांदी के दौरान बिजली गिरी। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।

​उज्जैनी में साइकिल सवार बालक की मौत

बरगवां थाना क्षेत्र के ग्राम उज्जैनी में भी आकाशीय बिजली का कहर देखने को मिला। यहां एक 10 वर्षीय बालक तुलसीदास कोल पिता जियालाल कोल साइकिल से दोस्तों के पास घूमने जा रहा था। बूंदाबांदी के दौरान अचानक गिरी बिजली की चपेट में आने से बालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बरगवां पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

चितरंगी में चार मवेशियों ने तोड़ा दम

चितरंगी थाना क्षेत्र के रजदहा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से राजेन्द्र यादव की एक गाय और तीन बैलों की मौत हो गई। बताया गया कि बारिश से बचने के लिए मवेशी एक पेड़ के नीचे खड़े थे, तभी बिजली गिरी।

यह भी पढ़ें: बेतिया में प्रेम विवाह के बाद युवती का वीडियो वायरल, बोली- मैं सुरक्षित हूं, अपहरण नहीं हुआ

Related to this topic: