मोतीहारी (बिहार): मोतिहारी-बेतिया एनएच-28बी पर फुलवरिया पंचायत के नवका टोला गांव के समीप बुधवार को पिकअप और टेंपो की आमने-सामने हुई टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मोतिहारी से बेतिया जा रही थी टेंपो
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टेंपो मोतिहारी से बेतिया की ओर जा रही थी। इसी दौरान बेतिया की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप ने टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतकों में लगभग 10 वर्षीय एक बालक भी शामिल है।
घायलों को तत्काल इलाज के लिए भेजा सरकारी अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को तत्काल इलाज के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉ. रिजवी द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी रेफर कर दिया गया। घायलों में बेतिया के तीनलालटेन चौक निवासी शंकर कुमार शर्मा (पिता- मैनेजर शर्मा), नया टोला बेतिया निवासी मनत परवीन (पिता- शकील खान), रेफर परवीन (पिता- अफरीज खान) तथा केसरिया निवासी चांद खान (पिता- बसीर खान) शामिल बताए जा रहे हैं।
दोनों वाहनों को जेसीबी की मदद से सड़क से हटाया
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जेसीबी की मदद से सड़क किनारे हटवाया, ताकि यातायात बाधित न हो। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मोतिहारी भेजा जा रहा है।अभी तक मृतकों की पहचान नही हो पाई है।
यह भी पढ़ेंः AI में अमेरिका अब भी आगे, सस्ते मॉडल्स से चीन तेजी से घटा रहा अंतर