सड़क दुर्घटना में 40 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई। घटना औरंगाबाद और गया जिले के बॉर्डर के समीप आमस के पास हुई। मृतक की पहचान औरंगाबाद शहर से सटे जरमाखाप निवासी ललन ठाकुर के रूप में की गई है।
औरंगाबाद: सड़क दुर्घटना में 40 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई। घटना औरंगाबाद और गया जिले के बॉर्डर के समीप आमस के पास हुई। मृतक की पहचान औरंगाबाद शहर से सटे जरमाखाप निवासी ललन ठाकुर के रूप में की गई है।
बाइक से घर लौटते समय अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को ललन ठाकुर किसी काम से बाइक से गयाजी गए हुए थे। वहां से देर शाम वह वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान आमस के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें मगध मेडिकल कॉलेज, गयाजी पहुंचाया गया। यहां इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
चार साल, दो साल और छह माह की हैं तीन बेटियां
परिजनों के अनुसार, मृतक ललन ठाकुर की तीन छोटी-छोटी बेटियां हैं, जिनकी उम्र करीब चार साल, दो साल और छह माह है। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे के बाद पत्नी और तीनों बच्चियों के सिर से पिता का साया उठ गया।
सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर लेते थे हिस्सा
स्थानीय लोगों ने बताया कि ललन ठाकुर एक सामाजिक कार्यकर्ता थे और सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। उनके निधन से इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, जांच जारी
फिलहाल, पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें: बेतिया में 20 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध मौत, नाना के घर मिला शव; पिता ने जताई हत्या की आशंका