प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

5 करोड़ की लागत से पुल निर्माण का प्रस्ताव तैयार

रायबरेली में नैया नाले पर बनेगा 45 मीटर लंबा पुल, 25 हजार ग्रामीणों को मिलेगी राहत

रायबरेली के मोहगवां गांव के पास नैया नाले पर पुल निर्माण की योजना तैयार होने से ग्रामीणों को जल्द ही आवागमन की बड़ी समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

रायबरेली में नैया नाले पर बनेगा 45 मीटर लंबा पुल 25 हजार ग्रामीणों को मिलेगी राहत

45-Metre Bridge Over Nayya Drain Proposed in Rae Bareli to Benefit 25,000 Villagers |

रायबरेली,(उत्तर प्रदेश)। सदर विधायक अदिति सिंह के प्रयासों से राही ब्लॉक के मोहगवां गांव के पास नैया नाले पर पुल निर्माण की राह आसान हो गई है। लोक निर्माण विभाग ने क्षेत्र की इस पुरानी और बेहद गंभीर समस्या को देखते हुए 5 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार कर जिला कार्ययोजना में शामिल किया है। शासन से प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति मिलते ही इस 45 मीटर लंबे पुल का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा, जिससे करीब 25 हजार ग्रामीणों को आवागमन की बड़ी राहत मिलेगी।

बरसात के दौरान जलस्तर बढ़ने से स्थिति गंभीर

मोहगवां गांव के पास बहने वाले नैया नाले में पूरे वर्ष पानी रहता है, लेकिन बरसात के दौरान जलस्तर बढ़ने से स्थिति गंभीर हो जाती है। पानी का बहाव तेज होने के कारण ग्रामीणों का संपर्क जिला मुख्यालय से कट जाता है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ती है। बारिश के दिनों में बच्चों को भरतगंज-टिकारी मार्ग से करीब तीन किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय कर स्कूल जाना पड़ता है। कई बार बच्चे जल्दबाजी में तेज बहाव के बीच नाला पार कर अपनी जान भी जोखिम में डालते हैं। वहीं सामान्य दिनों में भी ग्रामीणों और छात्रों को नाले के पानी से होकर ही गुजरना पड़ता है। पुल न होने से क्षेत्र की शिक्षा, स्वास्थ्य, खेती और रोजमर्रा के काम बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।

6 किलोमीटर का लंबा चक्कर होगा खत्म

वर्तमान में नाला उफान पर होने के कारण आसपास के गांवों के लोगों को जिला मुख्यालय और अन्य प्रमुख स्थानों तक पहुंचने के लिए करीब छह किलोमीटर लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ता है। पुल बनने से न केवल यह दूरी खत्म होगी, बल्कि ग्रामीणों के समय और ईंधन की भी बड़ी बचत होगी। बरसात के मौसम में मरीजों, किसानों और दैनिक यात्रियों को एक सुरक्षित और सुगम रास्ता मिल सकेगा।

स्वीकृति मिलते ही जारी होगा टेंडर: अधिशासी अभियंता

पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता महिपाल सिंह ने बताया कि नैया नाले पर पुल के निर्माण की कार्ययोजना तैयार करके शासन को भेजी गई है। प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य के लिए निविदा (टेंडर) जारी की जाएगी। विभाग की कोशिश है, कि जल्द से जल्द काम शुरू कराया जा सके। वहीं सदर विधायक अदिति सिंह के प्रयासों और क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए विभागीय अधिकारियों को उम्मीद है कि शासन से जल्द ही इस परियोजना को हरी झंडी मिल जाएगी।

यह भी पढ़ेंः नरसिंहपुर में मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, 6 गंभीर घायल

Related to this topic: