सिंगरौली में बुधवार का दिन हादसों के नाम रहा। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।
सिंगरौली {मध्य प्रदेश}: सिंगरौली में बुधवार का दिन हादसों के नाम रहा। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। तेज रफ्तार और अज्ञात वाहनों की टक्कर से कई परिवारों में मातम पसर गया। वहीं, एक हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया।
चितरंगी: रिश्तेदारी में जा रहे पति-पत्नी की मौत
पहला हादसा चितरंगी थाना क्षेत्र के करथुआ-सेमरा मुख्य मार्ग पर हुआ। सीधी जिले के पड़रिया गांव निवासी आशीष कोल (30), उनकी पत्नी मीनावती कोल (26) और भाई जितेंद्र कोल बाइक से बैरदह रिश्तेदारी में जा रहे थे। तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। सूचना मिलते ही चितरंगी थाना प्रभारी निरीक्षक सुधेश तिवारी खुद पुलिस वाहन चलाकर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। हालांकि, इलाज के दौरान आशीष और मीनावती की मौत हो गई, जबकि जितेंद्र का इलाज जारी है।
मोरवा: सड़क पार करते युवक को वाहन ने रौंदा
दूसरा हादसा मोरवा थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के पास हुआ। सोनभद्र के हिनौती निवासी 34 वर्षीय मनीष कुमार सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में मनीष की मौके पर ही मौत हो गई।
बरगवां: मौत के बाद सड़क पर उतरे परिजन
तीसरा हादसा बरगवां थाना क्षेत्र के हड़बड़िया गांव के पास एनएच-39 पर हुआ। खरकटा निवासी अमन प्रसाद जैसवाल ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। तभी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाते समय अमन ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने एनएच-39 पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया और निष्पक्ष जांच के साथ मुआवजे की मांग की।
जयंत: ट्रक की चपेट में आया कंपनी कर्मचारी
चौथा हादसा एनसीएल की सीडब्ल्यूएस कर्मशाला के पास हुआ। यहां अडानी कंपनी में कार्यरत दुधमनिया निवासी विजय तिवारी की बाइक को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में उनका पैर ट्रक के पहिए के नीचे आ गया। राहगीरों ने उन्हें नेहरू शताब्दी चिकित्सालय पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सिंगरौली में एक ही दिन हुए इन हादसों ने सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़: नशे में धुत बेटे ने पिता-बहन पर रॉड से किया हमला, दोनों गंभीर