औरंगाबाद के सोननगर जंक्शन के समीप ट्रेन की चपेट में आने से एक 50 वर्षीय मजदूर महादेव मिस्त्री की दर्दनाक मौत हो गई।
औरंगाबाद (बिहार)। ट्रेन की चपेट में आने से 50 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना रविवार की रात सोननगर जंक्शन के समीप की है। मृतक की पहचान ओबरा प्रखंड के अतरौली गांव निवासी स्व. सूर्यनाथ मिस्त्री के पुत्र महादेव मिस्त्री के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, महादेव मिस्त्री अपने गांव अतरौली लौटने के लिए टिकट लेने जा रहे थे। इसी दौरान सोननगर जंक्शन के समीप वह अचानक एक ट्रेन की चपेट में आ गए।
गंभीर चोट लगने के कारण घटनास्थल पर ही मौत
गंभीर चोट लगने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद जीआरपी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजनों के अनुसार, वह बारुण में रहकर एक फर्नीचर दुकान में मजदूरी करते थे।
जिला प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग
मजदूरी से ही वह अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। महादेव मिस्त्री के परिवार में पत्नी कांति देवी और दो पुत्रियां हैं। बड़ी पुत्री संगीता कुमारी की शादी हो चुकी है, जबकि 27 वर्षीय सोनम कुमारी अभी अविवाहित है। पति की मौत के बाद कांति देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। कांति देवी का कहना है कि मजदूरी कर परिवार चलाने वाले उनके पति ही उनका एकमात्र सहारा थे। अब अचानक उनके चले जाने के बाद परिवार के सामने जीवन-यापन और बेटी की शादी की चिंता खड़ी हो गई है। स्थानीय लोगों ने मृतक के आश्रितों के लिए जिला प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है।
यह भी पढ़ेंः कर्ज के दबाव और जमीन कुर्की की चेतावनी से परेशान किसान ने खाया जहरीला पदार्थ, इलाज के दौरान मौत