बैतूल के उमरवानी गांव में 7 वर्षीय यश बरसे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने सर्पदंश की आशंका जताई है, जबकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
बैतूल (मध्य प्रदेश)। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम उमरवानी में एक 7 वर्षीय बालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने आशंका जताई है कि बालक की मौत सर्पदंश से हुई हो सकती है, हालांकि उसके शरीर पर सांप के काटने का कोई स्पष्ट निशान नहीं मिला है। मौत के सही कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
सोने के बाद बिगड़ी तबीयत, मुंह से निकलने लगा झाग
जानकारी के अनुसार ग्राम उमरवानी निवासी यश बरसे (7 वर्ष), पिता राजकुमार बरसे, मंगलवार रात करीब 10 से 11 बजे के बीच भोजन करने के बाद अपनी दादी के पास सोने चला गया था। कुछ देर बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसके मुंह से झाग निकलने लगा। परिजनों ने जब आसपास देखा तो घर के पास एक सांप दिखाई दिया। इसके बाद उन्हें आशंका हुई कि बालक को सांप ने डस लिया होगा।
अस्पताल पहुंचने से पहले मौत, परिवार में पसरा मातम
घटना के बाद परिजन तत्काल यश को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने बताया कि यश कक्षा चौथी का छात्र था। वह अपने परिवार में सबसे बड़ा था और उसकी एक छोटी बहन है। उसके पिता खेती के साथ मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। मासूम की असमय मौत से पूरे परिवार में शोक का माहौल है और गांव में भी मातम पसरा हुआ है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारण का खुलासा
पुलिस का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि बालक की मौत सर्पदंश से हुई है या किसी अन्य कारण से। शरीर पर सर्पदंश का कोई स्पष्ट निशान नहीं मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी। तब तक पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ेंः नरसिंहपुर में अज्ञात वाहन की टक्कर से मोपेड सवार युवक की मौत, चालक फरार