बिहार के औरंगाबाद जिले के मानुखाप गांव में पोखर में डूबने से सात वर्षीय राहुल की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। स्थानीय लोगों ने परिजनों के लिए मुआवजे की मांग की है।
औरंगाबाद (बिहार)। टंडवा थाना क्षेत्र के मानुखाप में दशहरे की खुशियां मातम में उस वक्त बदल गईं, जब उस गांव निवासी अखिलेश पासवान के सात वर्षीय बेटा का पोखर (तालाब) में डूबने से मौत हो गई। इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार, राहुल अन्य बच्चों के साथ पोखर की ओर शौच के लिए गया था। इसी क्रम उसका पैर फिसल गया और पोखर में जा गिरा।
बच्चों के शोर मचाने पर पहुंचे परिजन
आसपास के बच्चों ने शोर मचाया। लेकिन तबतक काफी देर हो चुकी थी। गहरे पानी में डूबने से राहुल मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने राहुल को पोखर से निकला। घटना की जानकारी टंडवा पुलिस को दी गई, जिसके बाद अपने टीम के साथ पहुंचे थानाध्यक्ष अजय बहादुर सिंह ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतक के परिजनों के लिए मुआवजे की मांग
स्थानीय लोगों ने मृतक के बच्चे के आश्रितों के लिए जिला प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है। थानाध्यक्ष अजय बहादुर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: भोजपुर में 22 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या, छोटी बहन के घर गया था अभिषेक