बलिया के सिकंदरपुर स्थित गांधी इंटर कॉलेज मैदान में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत समारोह आयोजित किया गया, जिसमें 76 जोड़े विवाह बंधन में बंधे।
बलिया: सिकंदरपुर स्थित गांधी इंटर कॉलेज के मैदान में शनिवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने किया। इस दौरान 76 नवदंपतियों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर नई जिंदगी की शुरुआत की। डीएम ने सभी वर-वधुओं पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया और उनके सुखमय दांपत्य जीवन की मंगलकामना करते हुए कहा कि आपसी प्रेम, विश्वास और सहयोग से ही खुशहाल परिवार और प्रगतिशील समाज का निर्माण संभव है। समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने सरकारी सहायता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रति विवाह कुल 1 लाख रुपये का प्रावधान है, जिसमें से 64,000 रुपये की सहायता राशि वधू के बैंक खाते में सीधे डीबीटी के जरिए ट्रांसफर की जाएगी।
बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
उन्होंने नवविवाहिताओं से इस राशि का सही उपयोग कर रोजगार या व्यवसाय के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। इसके अतिरिक्त, गृहस्थी की शुरुआत के लिए नवदंपतियों को बर्तन, वस्त्र, सीलिंग फैन, घड़ी, बिस्तर और ट्रॉली बैग समेत 27 प्रकार के घरेलू सामान (मूल्य करीब 21 हजार रुपये) उपलब्ध कराए गए। जिलाधिकारी ने समाज में बेटियों के महत्व पर जोर देते हुए लोगों से बेटियों को बोझ न समझने और उन्हें आगे बढ़ने के पूरे अवसर देने की अपील की। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास, कन्या सुमंगला और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का लाभ उठाने और युवाओं को सेवायोजन पोर्टल व रोजगार मेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
पर्यावरण संरक्षण के साथ नई जिंदगी शुरू करने का संदेश
इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वन विभाग की पहल पर सभी नवदंपतियों को पौधे भेंट किए गए और उन्हें अपने वैवाहिक जीवन की सुखद याद के रूप में रोपने व देखभाल करने का संकल्प दिलाया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) आलोक कुमार, जिला विकास अधिकारी आनंद प्रकाश, वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद दुबे, जिला प्रोबेशन अधिकारी अमरेंद्र कुमार सिंह और जिला समाज कल्याण अधिकारी रमेश कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी एवं वर-वधू पक्ष के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
ये भी पढे़ं- गोरखपुर: मतपेटियों में बंद प्रत्याशियों की किस्मत, 27 अक्टूबर को खुलेगा परिणाम