वाराणसी के ब्यौहरियापुर गांव में रील बनाने के दौरान पिस्टल से अचानक गोली चल गई, जिससे किशोर नितिन चौहान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पिंडरा पीएचसी से ट्रामा सेंटर रेफर किया गया।
वाराणसी: अवैध पिस्टल के साथ रील बनाना तीन दोस्तों को भारी पड़ गया। फूलपुर थाना क्षेत्र के ब्यौहरियापुर गांव में शनिवार दोपहर रील बनाने के दौरान अचानक पिस्टल से गोली चल गई। गोली एक किशोर को जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने घायल को पिंडरा पीएचसी पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
युवक की हालत नाजुक
जानकारी के अनुसार, प्रहलाद चौहान का पुत्र नितिन चौहान दो दोस्तों के साथ रील बना रहा था। इसी दौरान अचानक गोली चल गई। गोली लगने से नितिन जमीन पर गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल किशोर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। पिंडरा पीएचसी के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद नितिन की हालत गंभीर देखते हुए उसे ट्रामा सेंटर भेज दिया। बताया जा रहा है कि उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
कृष के हाथ से चली गोली
घटना की सूचना मिलने पर फूलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है। मामले में कठिराव निवासी दिलीप मिश्रा के पुत्र कृष मिश्रा को हिरासत में लिया गया है। आरोप है कि रील बनाने के दौरान कृष के हाथ से ही पिस्टल से गोली चली। पुलिस ने एक अन्य युवक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने मौके से गोली चलाने में इस्तेमाल पिस्टल भी कब्जे में ले ली है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पिस्टल लाइसेंसी है या अवैध।
हिरासत में लिए गए दो युवक
फूलपुर पुलिस के अनुसार, गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। घायल को पीएचसी से ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और पिस्टल को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- दिल्ली से जयनगर जा रही महिला यात्री के सूटकेस से 75 लीटर विदेशी शराब बरामद