केसीजी पुलिस ने 8.65 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में लंबे समय से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है।
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई,(छत्तीसगढ़)। जिले की पुलिस ने करीब 8 करोड़ 65 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
9 जुलाई को पुलिस ने लिया हिरासत में
पुलिस के अनुसार भारत सरकार के समन्वय पोर्टल से प्राप्त सूचना के आधार पर थाना खैरागढ़ में साइबर ठगी का मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान फरार आरोपी राकेश कुमार साहू उर्फ राहुल साहू (30 वर्ष) निवासी सुपेला, जिला दुर्ग की तलाश की जा रही थी। 9 जुलाई को पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य जब्त
पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य जब्त किए। जांच में सामने आया है कि विभिन्न राज्यों के लोगों से ऑनलाइन माध्यम से साइबर ठगी कर करीब 8 करोड़ 65 लाख 16 हजार 376 रुपये अलग-अलग बैंक खातों में जमा कराए गए थे। इस मामले में पहले भी कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश और मामले की विवेचना जारी है।
साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर करें संपर्क
केसीजी पुलिस ने लोगों से अपील की है, कि किसी भी अनजाअन कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी या बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस थाने में संपर्क करें।
यह भी पढ़ेंः भोजपुर में साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में पलटा ई-रिक्शा, 6 घायल