बलिया के दुबहड़ थाना क्षेत्र में असलहा बरामदगी के दौरान पुलिस मुठभेड़ में हत्या के प्रयास का आरोपी सत्यपाल घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।
बलिया (उत्तर प्रदेश)। जनपद के दुबहड़ थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के असलहा बरामदगी के दौरान हुई पुलिस मुठभेड़ में हत्या के प्रयास का एक शातिर अभियुक्त गोली लगने से घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान सत्यपाल उर्फ अश्वनी कुमार (26 वर्ष), निवासी ग्राम सिहोरी, थाना नन्दगंज, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने मुठभेड़ स्थल से अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
घटना में प्रयुक्त असलहा बरामद
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त सत्यपाल ने बीते 28 अक्टूबर को चंदवक गांव के बाहर एक व्यक्ति पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी और अपने साथियों सचिन व विवेक के साथ फरार हो गया था। इस मामले में दुबहड़ पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सोमवार सुबह उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद जब पुलिस टीम उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त असलहा बरामद करने धरनीपुर मोड़ के पास पहुंची, तभी अभियुक्त ने छिपाए गए तमंचे से पुलिस पार्टी पर जानलेवा फायरिंग कर दी।
फायरिंग के जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की
बदमाश की फायरिंग के जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली अभियुक्त के दाहिने पैर में लगी और वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस कर्मियों ने घायल अभियुक्त को फौरन हिरासत में लेकर इलाज के लिए जिला अस्पताल (सदर अस्पताल) बलिया पहुंचाया। मौके पर फील्ड यूनिट की टीम ने पहुंचकर साक्ष्य संकलन की कार्रवाई पूरी की। क्षेत्राधिकारी नगर सतीश शर्मा के अनुसार, पकड़े गए अभियुक्त का पुराना आपराधिक इतिहास है और उस पर करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस मामले में विधिक कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़ेंः रायबरेली में घर के अंदर संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, सिर पर चोट के निशान