आजमगढ़ में सोशल मीडिया पर तलवार और डमी कट्टा लहराते हुए रील्स पोस्ट करने वाले दो युवकों के खिलाफ तहबरपुर पुलिस ने निरोधात्मक कार्रवाई की।
आजमगढ़: सोशल मीडिया पर तलवार और डमी कट्टा लहराकर दबंगई का प्रदर्शन करने वाले दो युवकों के खिलाफ तहबरपुर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें पाबंद किया है। यह कार्रवाई "ऑपरेशन वज्रपात" के तहत की गई।
इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए तलवार-डमी कट्टा लहराते वीडियोज
पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति, दबंगई और भय का माहौल बनाने वाली गतिविधियों पर नजर रखने के दौरान आरोपियों की इंस्टाग्राम आईडी की पहचान की गई। इस आईडी पर रमनीपुर गांव निवासी रवि कुमार और सत्यानंद कुमार के तलवार और डमी कट्टा लहराते हुए वीडियो/रील्स पोस्ट किए जा रहे थे। पुलिस का कहना है कि इस तरह के वीडियो से आम लोगों में भय और असुरक्षा की भावना पैदा होने की संभावना थी।
पुलिस से हाथापाई पर दोनों युवकों के खिलाफ कार्रवाई
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों युवकों को चिन्हित कर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों युवकों ने पुलिसकर्मियों से कहासुनी और हाथापाई करते हुए विवाद करने का प्रयास किया। इसके बाद थाना तहबरपुर पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दबंगई या गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने वाले लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
ये भी पढ़ें- बेंगलुरु पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध रूप से रह रहे 31 बांग्लादेशी नागरिक निर्वासन के लिए भेजे गए पश्चिम बंगाल