मौलासर स्थित कृषि महाविद्यालय में मंगलवार को अव्यवस्थाओं, संसाधनों की भारी कमी, शिक्षकों के अभाव और बदहाल व्यवस्थाओं से परेशान छात्रों ने कॉलेज परिसर में धरना-प्रदर्शन किया।
डीडवाना-कुचामन (राजस्थान)। डीडवाना-कुचामन जिले के मौलासर स्थित कृषि महाविद्यालय में मंगलवार को विद्यार्थियों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा। अव्यवस्थाओं, संसाधनों की भारी कमी, शिक्षकों के अभाव और बदहाल व्यवस्थाओं से परेशान छात्रों ने कॉलेज परिसर में धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। छात्रों ने कॉलेज के मुख्य गेट पर ताला लगाकर विरोध दर्ज कराया और समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
प्राचार्य की अनुपस्थिति और अव्यवस्था पर भड़के छात्र
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि महाविद्यालय का संचालन एक छोटे से भवन में किया जा रहा है, जहां हालात ऐसे हैं कि पढ़ाई से ज्यादा संघर्ष करना पड़ रहा है। छात्रों ने तंज कसते हुए कहा कि डीडवाना की राजकीय बांगड़ कॉलेज की प्राचार्य के पास इस महाविद्यालय का अतिरिक्त चार्ज है, लेकिन वे तो कभी दिखाई नहीं देतीं लेकिन सुरक्षा गार्ड 'प्रिंसिपल साहब' की कुर्सी संभालते नजर आते हैं। ऐसे में कॉलेज की व्यवस्थाएं भगवान भरोसे चल रही हैं।
पुराने भवन में जर्जर हालात में चल रही पढ़ाई
छात्रों ने बताया कि करोड़ों रुपए खर्च कर महाविद्यालय का नया भवन तैयार हो चुका है लेकिन आज तक कॉलेज को उसमें शिफ्ट नहीं किया गया। पुराने भवन में स्थिति यह है कि एक ही कमरे में चार-चार कक्षाएं संचालित करनी पड़ रही हैं। ना पर्याप्त कमरे हैं, ना शौचालय की व्यवस्था और ना ही विद्यार्थियों के लिए पीने के पानी की सुविधा उपलब्ध है।
संसाधनों की कमी पर सवाल, 3 दिन से मार्कर न मिलने से पढ़ाई बाधित
महाविद्यालय में संसाधनों की हालत भी किसी सरकारी व्यंग्य से कम नहीं दिखी। विद्यार्थियों ने बताया कि यदि पढ़ाई के दौरान किसी प्रोफेसर का मार्कर खत्म हो जाए तो तुरंत दूसरा मार्कर नहीं मिलता। पहले प्रार्थना पत्र लिखना पड़ता है, फाइल घूमती है, तब जाकर मार्कर मिलता है। छात्रों का कहना है कि पिछले तीन दिनों से मार्कर तक उपलब्ध नहीं है, जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विद्यार्थियों ने सवाल उठाया कि जब कृषि महाविद्यालय में एक मार्कर तक समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रहा, तो भविष्य के कृषि विशेषज्ञ कैसे तैयार होंगे?
समाधान नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
धरना-प्रदर्शन के बाद विद्यार्थियों ने तहसीलदार तुक्काचंद को जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: राजद नेता कुंदन यादव हत्याकांड का खुलासा: दो आरोपी गिरफ्तार, रेकी में इस्तेमाल बाइक जब्त