अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) मुंशीगंज में स्वास्थ्य सुविधाओं का दायरा और बढ़ गया है। मंगलवार को संस्थान में ब्रोंकोस्कोपी सुविधा का विधिवत शुभारंभ किया गया।
रायबरेली {उत्तर प्रदेश}: अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) मुंशीगंज में स्वास्थ्य सुविधाओं का दायरा और बढ़ गया है। मंगलवार को संस्थान में ब्रोंकोस्कोपी सुविधा का विधिवत शुभारंभ किया गया। अब फेफड़ों और श्वसन तंत्र से संबंधित गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को इस जांच के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। यह सुविधा एम्स में प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को मरीजों के लिए उपलब्ध रहेगी।
अत्याधुनिक सुविधा का हुआ शुभारंभ
ब्रोंकोस्कोपी सुविधा का उद्घाटन संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) अमिता जैन ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि एम्स रायबरेली लगातार मरीजों को उच्च गुणवत्ता वाली और अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। ब्रोंकोस्कोपी की शुरुआत से स्थानीय और आसपास के जिलों से आने वाले मरीजों को बेहतर, सुलभ और समयबद्ध इलाज मिल सकेगा।
फेफड़ों और श्वसन तंत्र की होगी सटीक जांच
डॉक्टरों के अनुसार, ब्रोंकोस्कोपी एक बेहद महत्वपूर्ण जांच प्रक्रिया है। इसके जरिए श्वसन नलियों और फेफड़ों के अंदरूनी हिस्से की सटीक जांच की जाती है, जिससे गंभीर बीमारियों की पहचान और इलाज में काफी मदद मिलती है। कार्यक्रम के दौरान अपर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज कुमार श्रीवास्तव, उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुमार धर्मेंद्र, इमरजेंसी फैकल्टी इंचार्ज डॉ. प्रणभ कुशवाह, पल्मोनरी विभाग के डॉ. कृष्ण प्रिया और डॉ. सुमित कुमार जैन समेत विभिन्न विभागों के चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें: डीजल निर्यात पर शुल्क घटा, आरआईसी 1 रुपये और एसएईडी 19 रुपये प्रति लीटर हुआ