नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट संकट और कच्चे माल की कीमत बढ़ने के कारण एसी कंपनियों ने अपने उत्पादों के दाम में 5-15% तक बढ़ोतरी करने का ऐलान किया।
नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट संकट और तांबा समेत अन्य कच्चे माल की कीमतों में आयी बढ़ोत्तरी को देखते हुए देश की बड़ी एयर कंडीशनर (एसी) बनाने वाली कंपनियां तापमान बढ़ने के साथ ही अपने उत्पादों के दाम में इजाफा कर सकती हैं। एसी निर्माता कंपनियों ने 5 से 15% तक दाम बढ़ाने की घोषणा की है।
कच्चे माल की कीमतों में उछाल का असर
कंपनियों ने तांबा महंगा होने, आयातित पुर्जों की लागत बढ़ने और अन्य खर्चों में आयी लगातार वृद्धि की भरपाई के लिए कीमतों में 5-15 फीसदी तक बढ़ोतरी का एलान किया है। कीमतों में यह वृद्धि ऐसे समय हो रही है जब देश के बड़े हिस्से में गर्मी दस्तक दे रही है और मांग में तेजी की उम्मीद है।
बड़ी कंपनियों ने बढ़ाए दाम
डाइकिन, वोल्टास, ब्लू स्टार, एलजी, हायर और मित्सुबिशी हैवी इंडस्ट्रीज सहित प्रमुख कंपनियों ने तांबे जैसे कच्चे माल की कीमतों में बढ़ोतरी, ढुलाई लागत में वृद्धि, रुपये की कमजोरी और नए ऊर्जा दक्षता मानकों के कारण एसी के विभिन्न मॉडलों की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की है। उद्योग के अधिकारियों का कहना है कि मौजूदा स्थिति और इनपुट लागत में उछाल को देखते हुए कीमतों का समायोजन जरूरी हो गया है।
गर्मी के कारण मांग बढ़ने की उम्मीद
कीमत वृद्धि के बावजूद भीषण गर्मी के पूर्वानुमान और नए स्टार-रेटेड मॉडलों से बिजली की बचत के कारण एसी की बिक्री मजबूत रहने की उम्मीद है। डाइकिन इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक कंवलजीत जावा ने कहा कि तांबे जैसी सामग्री की कीमतें बढ़ गई हैं और अमेरिकी डॉलर रिकॉर्ड ऊंचाई पर है।
डाइकिन अप्रैल से बढ़ाएगी कीमतें
एयर कंडीशनर की कीमतों में यह वृद्धि तांबे जैसे प्रमुख कच्चे माल की लागत बढ़ने, रुपये की कमजोरी, नए ऊर्जा-दक्षता मानकों और माल ढुलाई लागत में वृद्धि के कारण की जा रही है। डाइकिन इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक कंवलजीत जावा ने बताया कि कंपनी अप्रैल से कीमतों में 12% तक की बढ़ोतरी करने जा रही है। उन्होंने कहा, “नए ऊर्जा मानक आ गए हैं, जिससे उत्पाद अधिक कुशल हो गए हैं। साथ ही तांबे जैसी सामग्री की कीमतें बढ़ गई हैं और अमेरिकी डॉलर रिकॉर्ड ऊंचाई पर है। ग्लोबल उथल-पुथल के कारण माल ढुलाई लागत भी बढ़ गई है, जिससे आयात महंगा हो गया है। ऐसे में कीमतें बढ़ाना जरूरी हो गया है।”
ब्लू स्टार और वोल्टास ने भी बढ़ाए दाम
ब्लू स्टार के प्रबंध निदेशक बी त्यागराजन ने कहा कि कंपनी फरवरी के मध्य में ही 8-10% की वृद्धि कर चुकी है। हालांकि बाजार में अभी पुराना स्टॉक मौजूद है, इसलिए ग्राहकों को तुरंत बड़ा अंतर महसूस नहीं होगा। टाटा ग्रुप की कंपनी वोल्टास भी कीमतों में 5-15% की बढ़ोतरी कर रही है। वोल्टास के प्रबंध निदेशक मुकुंदन मेनन ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में कच्चे माल की लागत लगातार बढ़ी है, जिसे देखते हुए यह मूल्य समायोजन किया जा रहा है।
यह भी पढ़े: शिपिंग रुकावट से यूपी के ऑर्डर अटके
https://www.primenewsnetwork.in/state/shipping-halt-leaves-5800-crore-up-exports-stuck/148089