बैतूल के पुसली गांव में एयरफोर्स में चयनित 21 वर्षीय मोहित गलफट की संदिग्ध मौत के मामले में कुनबी समाज संगठन ने निष्पक्ष जांच और जल्द कार्रवाई की मांग को लेकर एसपी को ज्ञापन सौंपा है।
Air Force Selected Youth Dies Under Suspicious Circumstances in Betul, Family Seeks Fair Probe |
बैतूल,(मध्य प्रदेश)। जिले के आठनेर विकासखण्ड क्षेत्र के ग्राम पुसली में एयरफोर्स में चयनित 21 वर्षीय मोहित पिता मंचित गलफट की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से ग्रामीणों और समाज में आक्रोश देखा गया। मंगलवार कुनबी समाज संगठन के ब्लांक अध्यक्ष पुनाजी कापसे और तरूण साकरे के नेतृत्व में संगठन ने निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई के लिए एसपी विरेंद्र जैन को ज्ञापन सौंपा।
संदिग्ध परिस्थितियों मे मौत
दरअसल, पूरा मामला रविवार का बताया जा रहा है, कि पुसली निवासी मंचित गलफट का एकलौता बेटा मोहित गलफट 21 वर्षीय जिसका चयन एयरफोर्स में हुआ था। 27 जुलाई को उसकी ज्वाइनिंग देहरादून में होनी थी। परन्तु उसके पहले ही संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी मौत ने खुशियों के माहौल को गम में बदल दिया। पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी अनुसार मोहित गलफट शनिवार रात्रि में हनुमान मंदिर जाने का कहकर घर से निकला जो पुरी रात घर नहीं लौटा। परिजनों ने रात्रि 12 बजे से उसकी खोजबीन शुरू की। सुबह रविवार खेत में उसके जुते और मोबाइल मिला, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और एक कुएं से उसका शव बरामद किया। फोरेंसिक जांच के दौरान उसके गले में वायर लपेटा पाया गया प्रथम दृष्टया मामला हत्या से जुड़ा पाया गया।
माता पिता का एकलौता बेटा,घर का बुझा चिराग़
ग्रामीणों ने बताया, कि मोहित और परिवार का सरल व्यवहार था। पिता कृषि कार्य से जुड़े होने के साथ बेटे को बेहतर शिक्षा दी और बेटा भी पढ़ाई में मेहनती था। जिसमें पहली परीक्षा में ही एयरफोर्स के एक्जाम निकाल लिए। मोहित इस सफलता से बहुत खुश था। उसने शनिवार दोस्तों को मिठाई खिलाई। परन्तु ये खुशियां अचानक मातम में बदल गई।
जल्द ही होगा मामले का खुलासा
लोग सवाल उठा रहे है, कि आखिर रात्रि में मोहित किसके साथ गया। इस हत्या के पीछे क्या वजह रही जिसे मोहित को अपनी जान गवानी पड़ी। ऐसे अनेकों सवाल हैं, जो मोहित से जुड़े हैं। फिलहाल आठनेर पुलिस और बैतूल एसपी विरेंद्र जैन इस संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की गुत्थी सुलझाने में कड़ी मेहनत कर रहे हैं।पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
यह भी पढ़ेंः इटावा में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर हमला, चाकू से घायल करने का आरोप