वाराणसी में प्रस्तावित एयर शो की तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार, 19 अक्टूबर से भारतीय वायुसेना के विमानों की रिहर्सल शुरू हुई, जिसमें राफेल, तेजस और सुखोई जैसे लड़ाकू विमान नजर आए।
वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी में सोमवार सुबह आसमान लड़ाकू विमानों की गर्जना से गूंज उठा। खिली धूप के बीच अचानक तेज आवाज सुनकर लोगों ने आसमान की ओर देखा तो भारतीय वायुसेना के विमान उड़ान भरते नजर आए। राफेल, तेजस और सुखोई की आवाज ने लोगों का ध्यान खींचा। दरअसल, वाराणसी में 22, 24 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो की तैयारियों के तहत 19 अक्टूबर से विमानों की रिहर्सल शुरू हो गई है। आयोजन को अंतिम रूप देने के लिए भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
वाराणसी में गंगा किनारे एयर शो की तैयारियां तेज
एयर शो के लिए गंगा किनारे नमो घाट और नदी के उस पार रेती पर दर्शकों के खड़े होने के स्थान चिह्नित किए गए हैं। आयोजन चरणबद्ध तरीके से होगा। पहले चरण में वायुसेना के लड़ाकू विमान और हेलीकॉप्टर आसमान में करतब दिखाएंगे। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए देश-विदेश के मेहमानों को आमंत्रित किया गया है। जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना है। मित्र देशों के राजदूतों को भी निमंत्रण भेजे जाने की जानकारी है। तीन दिनों तक शहर में वीआईपी और वीवीआईपी मेहमानों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है। रिहर्सल के दौरान हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) द्वारा निर्मित तेजस लड़ाकू विमान की उड़ान देखने को मिली।
हवा में ईंधन भरने का प्रदर्शन भी प्रस्तावित
एयर शो में ध्रुव और प्रचंड जैसे हेलीकॉप्टरों के प्रदर्शन की भी तैयारी है। अलग-अलग एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले विमान काशी पहुंचकर आसमानी करतब दिखाएंगे। प्रस्तावित प्रदर्शन में मिग और मिराज जैसे लड़ाकू विमानों के साथ अपाचे और चिनूक हेलीकॉप्टरों तथा सी-17 ग्लोबमास्टर और सी-130 जे सुपर हरक्यूलिस जैसे भारी परिवहन विमानों को शामिल किए जाने की जानकारी दी गई है। एयर शो के दौरान हवा में उड़ते विमान में ईंधन भरने यानी एरियल रिफ्यूलिंग का प्रदर्शन भी प्रस्तावित है। यह अभ्यास काफी ऊंचाई पर होगा, इसलिए जमीन से इसे स्पष्ट देख पाना मुश्किल हो सकता है। आयोजन के लिए सुरक्षा, दर्शकों की व्यवस्था और अन्य तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
ये भी पढे़ं- टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में 3 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज