राम मंदिर के चढ़ावे के पैसों में कथित घोटाले को लेकर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के ट्वीट करने के बाद प्रदेश की सियासत तेज हो गई है।
लखनऊ: राम मंदिर के चढ़ावे के पैसों में कथित घोटाले को लेकर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के ट्वीट करने के बाद प्रदेश की सियासत तेज हो गई है। अखिलेश यादव ने मंदिर ट्रस्ट पर निशाना साधते हुए अदालत से स्वतः संज्ञान लेने की मांग की मांग की है। उन्होंने सरकार की चुप्पी पर भी सवाल उठाए हैं।
राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट महासचिव चंपत राय ने जारी किया बयान
अखिलेश यादव के आरोपों के बाद राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट महासचिव चंपत राय ने बयान जारी करते हुए कहा है कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र का समय-समय पर आंतरिक ऑडिट होता है। इस कार्य में ट्रस्ट और भारतीय स्टेट बैंक के प्रतिनिधि सम्मिलित रहते हैं।
ऑडिट कार्य कई दिनों तक चलता है। वही कार्य आजकल हो रहा है। अभी तक कोई उल्लेखनीय बात सामने नहीं आयी है।
अखिलेश यादव ने चंपत राय के बयान को
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय के बयान आने के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने फिर पोस्ट किया है। उन्होंने कहा है कि ''स्पष्टीकरण ही स्पष्ट नहीं'' है। उन्होंने कहा है कि ट्रस्ट के सभी सदस्यों को एक साथ बैठाकर स्पष्टीकरण दिया जाए और आंकड़ों के मिलान के लिए सीसीटीवी के साक्ष्य का सहारा लिया जाए, तो सत्य सामने आ जाएगा। साथ ही उन्होंने प्रदेश सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए पूछा कहा है कि 40 सेकंड का स्पष्टीकरण आने में इतने घंटे क्यों लगे?
बहुत सावधानी से रखा जाता है लेन-देन का हिसाब: महंत दिनेंद्र दास
राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को मिले दान पर अखिलेश यादव के आरोपों पर ट्रस्ट के सदस्य महंत दिनेन्द्र दास महाराज ने कहा है कि ''ट्रस्ट में हर फैसला मिलकर लिया जाता है और उसे लिखित रूप में दर्ज किया जाता है। सभी लेन-देन का हिसाब-किताब बहुत सावधानी से रखा जाता है और सब कुछ सही और पारदर्शी तरीके से हो रहा है। आपसी सद्भाव और प्रेम है। राम जी सब देखते हैं। लोग चाहे जो भी कहें, लेकिन राम लला से जुड़ा काम बिल्कुल सही ढंग से चल रहा है। ट्रस्ट कभी ऐसी गलतियां नहीं करेगा।''
आप सांसद संजय सिंह ने भी जारी किया वीडियो
आम आदमी पार्टी के सांसद और यूपी प्रभारी संजय सिंह ने भी हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के नाम पर चंदा चोरी करने वालों को जेल भेजा जाए। साथ ही उन्होंने चंपत राय से कहा है कि क्या वे प्रभु श्रीराम की मूर्ति पर हाथ रखकर सौगंध खा सकते हैं कि चंदाचोरी नहीं हुई?