यूपी विधान परिषद चुनाव नतीजों के बाद अखिलेश यादव ने भाजपा पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि वाराणसी में दो बार हुई मतगणना के बावजूद हारी भाजपा के टिकट की खिड़की अब खाली हो चुकी है।
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद (MLC) चुनाव के नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। अखिलेश यादव ने कहा कि इन चुनावों में भाजपा की पराजय ने साल 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की निर्णायक प्रस्तावना लिख दी है।
वाराणसी में 'डबल इंजन' की हार का दावा
सपा प्रमुख ने वाराणसी चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा वाले पहले काउंटिंग में हारे और फिर री-काउंटिंग में भी उन्हें मात मिली। दो बार मतगणना होने के बावजूद भाजपा और उसके संगी-साथी पराजित हुए। अखिलेश यादव ने इसे "डबल इंजन की डबल हार" करार दिया।
युवा और शिक्षक विरोधी नीतियों का नतीजा
अखिलेश यादव ने कहा कि विधान परिषद चुनाव के नतीजे एक तरफ भाजपा की ‘शिक्षक, शिक्षार्थी व शिक्षा’ विरोधी नीतियों की हार हैं, तो दूसरी तरफ पढ़े-लिखे बेरोजगार स्नातकों ने भी अपना स्पष्ट फैसला सुना दिया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा द्वारा हर वर्ग को पीड़ित और अपमानित करने के कारण अब सभी उत्पीड़ित एक साथ आ चुके हैं।
'पीड़ित ही PDA, जनाधार 95% पहुंचा'
सपा अध्यक्ष ने कहा, "पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) का जनाधार अब बढ़कर 95% हो गया है, क्योंकि जो पीड़ित है, वही पीडीए है।" उन्होंने आगे कहा कि इन नतीजों से भाजपा के भीतर अस्तित्व का संकट शुरू हो चुका है। पार्टी के लोग भी जानते हैं कि जो सीटें वे जीते हैं, वे हेराफेरी से जीती गई हैं।
'दूरबीन लेकर प्रत्याशी ढूंढ रही भाजपा'
भाजपा पर हमला जारी रखते हुए अखिलेश ने कहा कि अंदरूनी फूट से डबल इंजन की टकराहट बढ़ गई है और भाजपा प्रत्याशी विधानसभा चुनाव लड़ने की हिम्मत हार चुके हैं। उन्होंने तंज कसा, "जो भाजपा अब तक प्रत्याशियों का सर्वे करा रही थी, वह अब दूरबीन लेकर प्रत्याशी ढूंढ रही है, पर कहीं कोई नजर नहीं आ रहा। भाजपा की टिकट की खिड़की अब पूरी तरह खाली है।"
कार्यकर्ताओं और मतदाताओं का जताया आभार
अखिलेश यादव ने चुनाव में समर्थन के लिए शिक्षकों और युवाओं का आभार जताया। उन्होंने कहा, "हमारे पीडीए प्रहरियों ने मुस्तैदी से निगरानी रखी।" जीते हुए प्रत्याशियों को बधाई देने के साथ ही उन्होंने उन प्रत्याशियों का भी अभिनंदन किया, जिन्हें "चालबाज़ी और हेराफेरी" से हराया गया। अखिलेश ने उन्हें बिना सर्टिफिकेट का विजेता बताते हुए कहा कि यही सजगता 2027 में सपा सरकार बनाने की नींव बनेगी।
यह भी पढ़ें: वाराणसी टीचर्स सीट पर SP की जीत के बाद अखिलेश का आरोप, बोले- 'PDA के पहरेदार सतर्क हैं'