प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

अखिलेश का BJP पर हमला

सहारनपुर पहुंचे अखिलेश यादव, BJP पर साधा निशाना; बोले- भ्रष्टाचार और लूट चरम पर

सहारनपुर दौरे पर पहुंचे अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी और किसानों-नौजवानों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने का दावा किया।

सहारनपुर पहुंचे अखिलेश यादव bjp पर साधा निशाना बोले- भ्रष्टाचार और लूट चरम पर

Akhilesh Yadav Targets BJP in Saharanpur, Alleges Widespread Corruption and Misgovernance |

सहारनपुर (उत्तर प्रदेश)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज एक दिवसीय दौरे पर सहारनपुर पहुंचे। सहारनपुर में समाजवादी पार्टी के बड़ी संख्या में नेताओं, कार्यकर्ताओं ने श्री अखिलेश यादव का दर्जनों स्थानों पर भव्य स्वागत किया। दौरे में अखिलेश सर्व प्रथम सहारनपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी रूद्रसेन के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।

भाजपा के लोगों ने श्रीराम के मंदिर में चढ़ावा की चोरी की

इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए अखिलेश ने कहा कि भ्रष्टाचार भाजपा सरकार की संस्कृति बन गयी है। अयोध्या में राम धन की लूट को भगवान और देश की जनता माफ नहीं करेगी। भाजपा के लोगों ने अयोध्या में प्रभु श्रीराम के मंदिर में चढ़ावा की चोरी की। मंदिर के बाहर बैठे भिखारी भी मंदिर में चोरी नहीं करते हैं। लेकिन भाजपा के लोगों ने राम धन लूटने का महापाप किया है। चोरी में शामिल बड़े लोगों को क्लीन चिट दे दी गयी है। भाजपा ने अयोध्या में श्रद्धा और आस्था के साथ खिलवाड़ किया है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और लूट चरम पर है। स्वास्थ्य, शिक्षा, लोकनिर्माण से लेकर हर विभाग में भारी भ्रष्टाचार हो रहा है। स्वास्थ्य विभाग में 400 करोड़ की फर्जी दवाएं मिली थी।

नौजवान ठगा महसूस कर रहा

अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार ने स्मार्टसिटी के नाम पर तमाम सपने दिखाएं लेकिन किसानों, नौजवानों के लिए कोई काम नहीं किया। आज प्रदेश में घोषित स्मार्ट शहरों का बुरा हाल है। भाजपा सरकार ने स्मार्ट सिटी के लिए आये धन की भी लूट कर ली। किसानों को खाद नहीं मिल रही है। गन्ने का सही मूल्य नहीं मिल रहा है। खेती का लागत मूल्य बढ़ गया है, लेकिन किसान को फसल की सही कीमत नहीं मिल रही है। भाजपा ने किसानों-नौजवानों को धोखा दिया है। अग्निवीर के नाम पर युवाओं के साथ धोखा किया गया। भाजपा ने फौज में नौजवानों की नौकरी को अग्निवीर बना दिया। नौजवान ठगा महसूस कर रहा है। प्रदेश का नौजवान दस साल से नौकरी रोजगार के लिए भटक रहा है।

अग्निवीर योजना समाप्त होः समाजवादी पार्टी

अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी चाहती है, कि अग्निवीर योजना समाप्त हो, नौजवानों को सेना में पक्की नौकरी मिलें। छात्रों, नौजवानों के लिए स्पोर्ट्स सिटी बने। युवाओं को योग्यता के अनुसार नौकरी रोजगार मिले। 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार में युवाओं को खेलों में सुविधा दी जाएगी। सरकारी नौकरी दी जाएगी। गन्ना किसानों को गन्ने का 24 घंटे में भुगतान किया जाएगा।

निर्माणकार्यों में 60 फीसदी तक कमीशन खाया जा रहा

अखिलेश ने कहा कि इस सरकार में निर्माणकार्यों में 60 फीसदी तक कमीशन खाया जा रहा है। एक्सप्रेस-वे पर गड्ढे हो रहे हैं। सड़कें टूट रही है। गंगा एक्सप्रेस-वे में जगह-जगह गड्ढे हो गये। सोचिए कितना भ्रष्टाचार हुआ है? लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे का बुरा हाल है। सड़क जगह-जगह टूट गयी। यह भाजपा के भ्रष्टाचार का एक्सप्रेस-वे है। यह सड़क पूरी तरह बर्बाद हो गयी। अब कहा जा रहा है, कि डिजायन में फाल्ट है। अगर डिजायन में फाल्ट है तो कौन जिम्मेदार है। इसी तरह से जल जीवन योजना पूरी तरह भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गयी। जिलों-जिलों में पानी की टंकियां टूट कर गिर रही हैं। टंकियां भाजपा के भ्रष्टाचार का भार नहीं सहन कर पा रही है। जनता भाजपा के भ्रष्टाचार को देख रही है। विधानसभा चुनाव में जनता इसका हिसाब करेगी।

महंगाई लगातार बढ़ती जा रहीः अखिलेश

अखिलेश ने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। हर चीज का दाम बढ़ गया है। डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस के दाम बढ़ गये, तेल, दाल दूध खाने पीने की चीजों की कीमतें बढ़ गयी। सरकार खुद मिलावटखोरी कर रही है। पेट्रोल में एथेनाल की मिलावट सरकार करा रही है। इथेनॉल और महंगी चीनी का मुनाफा किसानों की नहीं उद्योगपतियों की जेब में जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली महंगी हो गयी है। खाद-बीज महंगा है। स्वास्थ्य सेवाएं बर्बाद है। गरीबों को इलाज नहीं मिल रहा है। एम्बुलेंस सेवा और डायल 100 सेवा भी भाजपा सरकार ने खराब कर दी है।

भाजपा सरकारी संस्थानों को बेचने को लेकर बदनाम

इस सरकार ने लखनऊ में समाजवादी सरकार में बनाया गया कैंसर संस्थान बर्बाद कर दिया। कैंसर के मरीज बढ़ रहे है, लेकिन सरकार कैंसर संस्थान को नहीं चला पा रही है। समाजवादी सरकार में सहारनपुर के शैखुल हिन्द मेडिकल कालेज में कैंसर का सेंटर खोला जाएगा। इसके साथ ही समाजवादी पार्टी विधानसभा चुनाव में सहारनपुर और अन्य जिलों के लिए जरूरत के हिसाब से घोषणा पत्र बनाएगी। जेपी एनआईसी को लेकर एक सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी ने जेपी (जयप्रकाश नारायण) को बेच दिया। भाजपा देश-प्रदेश के सरकारी संस्थानों को बेचने को लेकर बदनाम हो चुकी। अगर कोई कीमत दे देगा तो भाजपा खुद को भी बेंच देगी।

जनता भाजपा को समझ चुकी हैःअखिलेश

अखिलेश ने कहा कि जनता भाजपा को समझ चुकी है। जनता विधानसभा चुनाव में भाजपा को हटाकर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनायेगी। आरक्षण को लेकर एक सवाल पर यादव ने कहा कि आरक्षण था, आरक्षण है और आरक्षण रहेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के सुरंगवादी और अनरजिस्टर्ड लोग आरक्षण के खिलाफ है। वे आरक्षण खत्म करना चाहते हैं। भाजपा लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण के खिलाफ है।

बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे

इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव चौधरी रूद्रसेन, मुजफ्फरनगर से सांसद हरेंद्र मलिक, कैराना की सांसद चौधरी इकरा हसन, चौधरी इन्द्र सेन, विधायक अतुल प्रधान, शायान मसूद, जिलाध्यक्ष चौधरी अब्दुल वाहिद मौजूद रहे। इसके बाद अखिलेश ने सहारनपुर के पूर्व सांसद फजलुर्रहमान के आवास पर पहुंच कर नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। पूर्व सांसद फजलुर्रहमान के आवास पर मुजफ्फरनगर से सांसद हरेंद्र मलिक, विधायक आशू मलिक, विधायक अतुल प्रधान, पूर्व विधायक मनोज चौधरी समेत बड़ी संख्या में अन्य नेता कार्यकर्ता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ेंः श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर ब्रज को CM योगी देंगे 1051 करोड़ की 229 विकास योजनाओं की सौगात

Related to this topic: