उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में शादी से पहले युवती की गंभीर बीमारी छिपाने और इसका विरोध करने पर मारपीट व धमकी देने का मामला सामने आया है।
अंबेडकरनगर: उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में शादी से पहले युवती की गंभीर बीमारी छिपाने और इसका विरोध करने पर मारपीट व धमकी देने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता के आरोपों के आधार पर न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने युवती के पिता और दो भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
25 अप्रैल 2025 को हुई थी शादी
मामला राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र का है। भूतपूर्व कोड़हरा गांव निवासी पंकज कुमार पांडेय ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनका विवाह 25 अप्रैल 2025 को आकांक्षा के साथ हुआ था। पंकज का आरोप है कि शादी से पहले आकांक्षा के पिता उपेंद्र कुमार और उसके भाइयों अजीत व अविनाश ने युवती को पूरी तरह स्वस्थ बताया था। शिकायतकर्ता के मुताबिक, शादी के बाद उन्हें पता चला कि उनकी पत्नी की पहले ओपन हार्ट सर्जरी हो चुकी है और उसका इलाज भी चल रहा है। इस बारे में ससुराल पक्ष से पूछताछ करने पर विवाद शुरू हो गया। पंकज ने आरोप लगाया कि पत्नी के इलाज पर करीब दो लाख रुपये खर्च होने की बात सामने आई। उन्होंने आर्थिक असमर्थता जताई तो ससुराल पक्ष की ओर से कथित तौर पर दहेज उत्पीड़न के मामले में फंसाने की धमकी दी गई।
मारपीट और जान से मारने की धमकी का आरोप
पंकज के आरोप के अनुसार, 10 मई 2026 को ससुराल पक्ष के लोग उनके घर पहुंचे। वहां गाली-गलौज और मारपीट की गई। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। स्थानीय स्तर पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए पंकज ने न्यायालय का रुख किया। न्यायालय के आदेश पर राजेसुल्तानपुर पुलिस ने आकांक्षा के पिता उपेंद्र कुमार और उसके भाइयों अजीत व अविनाश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल, मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम और आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।
ये भी पढ़ें: 40 घंटे बाद नदी में मिला दुर्गा विसर्जन के दौरान डूबे 13 वर्षीय अभिषेक का शव, गांव में मातम