फतेहपुर में नवरात्रि के दौरान 'हैप्पी नवरात्रि' लिखे कैरी बैग में मांस की सप्लाई किए जाने के आरोप पर हिंदू संगठन के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और ब्लिंकिट से जुड़े एक प्रतिष्ठान का शटर बंद करा दिया।
फतेहपुर: नवरात्रि पर्व के दौरान हैप्पी नवरात्रि लिखे कैरी बैग में मांस की सप्लाई किए जाने के आरोप को लेकर रविवार को पटेलनगर चौराहे पर हंगामा हो गया। हिंदू संगठन के लोगों ने ब्लिंकिट से जुड़े प्रतिष्ठान का शटर बंद कराकर विरोध जताया। संगठन ने इसे धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ बताते हुए नवरात्रि के दौरान मांस की ऑनलाइन सप्लाई पर रोक लगाने की मांग की। हंगामे की सूचना पर सदर कोतवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और संबंधित अधिकारियों को सूचना देकर लोगों को शांत कराने का प्रयास किया।
खाद्य विभाग पर लगाए आरोप
हिंदू संगठन के नेता धर्मेंद्र जनसेवक ने आरोप लगाया कि नवरात्रि शुरू होने से पहले ही ऑनलाइन सप्लाई करने वाले होटल और प्रतिष्ठानों से त्योहारों के दौरान मांस की आपूर्ति बंद रखने की मांग की गई थी। इसके बावजूद हैप्पी नवरात्रि लिखे कैरी बैग में मांस की सप्लाई किए जाने की बात सामने आई, जिससे संगठन के लोगों में नाराजगी है। उन्होंने खाद्य विभाग के अधिकारियों पर वसूली किए जाने का आरोप भी लगाया। हालांकि, इस संबंध में जिम्मेदार अधिकारियों का पक्ष सामने नहीं आया है। विरोध प्रदर्शन के दौरान मौके पर मौजूद 200 से अधिक डिलीवरी राइडरों ने प्रतिष्ठान का शटर बंद किए जाने पर नाराजगी जताई।
यूपी में शराबबंदी की मांग को लेकर आंदोलन की चेतावनी
राइडरों का कहना था कि उन्होंने पूरे नवरात्रि पर्व के दौरान मांस की सप्लाई नहीं की है। ऐसे में प्रतिष्ठान बंद होने से उनके कामकाज पर असर पड़ रहा है। मीडिया और सोशल मीडिया पर उत्तर प्रदेश में शराबबंदी को लेकर पूछे गए सवाल पर धर्मेंद्र जनसेवक ने कहा कि हिंदू संगठन इस मुद्दे पर भी विरोध करेगा। उन्होंने अन्य राज्यों की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी शराबबंदी लागू कराने की पहल करने की बात कही। फिलहाल, हैप्पी नवरात्रि लिखे कैरी बैग में मांस की सप्लाई के आरोप और खाद्य विभाग पर लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि और संबंधित विभागों का पक्ष सामने आना बाकी है।
ये भी पढ़ें- रायबरेली में डंपर की टक्कर से बाइक में लगी आग, एक की मौत